धमतरी

रावण दहन की तैयारी पूरी, आतिशबाजी भी
10-Oct-2024 2:59 PM
रावण दहन की तैयारी पूरी, आतिशबाजी भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 10 अक्टूबर। 
आगामी 12 अक्टूबर को दशहरा उत्सव मनाया जाएगा। मुख्य आयोजन दशहरा मैदान में होगा। नगर निगम धमतरी ने दशहरा उत्सव मनाने की तैयारी शुरू कर दी है।

रावण के सिर का सभी हिस्सा व तलवार, ढाल कांकेर के चारामा में बन रहा है। वहीं धड़ व पैर का हिस्सा धमतरी के सोरिद में तैयार हो रहा है। भगवान श्रीराम रावण के 40 फीट ऊंचे पुतला के नाभि चक्र पर प्रहार करेंगे, जिसके बाद रावण जलेगा। वहीं मुंह से आग उगलेगा। लोगों को 12 प्रकार के शानदार आतिशबाजी देखने को मिलेगी।

प्रभारी कमिश्नर पीसी सार्वा ने 9 अक्टूबर को मैदान में पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। बुराई पर अच्छाई का जीत विजयादशमी के पर्व को लेकर व्यापक स्तर पर निगम के अधिकारी, कर्मचारी तैयारी में जुटे हुए हैं। रावण के कद के मुताबिक लोहे के बेस को ऊंचा किया जा रहा है। पुतला बनाने का काम लगभग 2 दिनों में पूरा हो जाएगा।

कोलियारी की रामलीला मंडली की होगी प्रस्तुति
रामलीला का मंचन कोलियारी की रामलीला मंडली के कलाकारों के द्वारा किया जाएगा। इनके द्वारा अभ्यास किया जा चुका है। दशहरा मैदान में लोगों के भीड़ को देखते हुए महिला व पुरुष के लिए अलग-अलग बैठक व्यवस्था की गई है। दशहरा पर्व को देखते हुए एहतियात के तौर पर पुख्ता इंतजाम रखे जाएंगे। 

पानी, अग्निशमन, चिकित्सा व चलित शौचालय आदि की व्यवस्था के निर्देश प्रभारी आयुक्त ने दिए हैं। अस्थाई दुकानों को व्यवस्थित तरीके से लगाने के लिए मार्किंग भी कराई जाएगी। शहर के दशहरा मैदान में रावण का पुतला शहर का सबसे बड़ा रावण होगा। रामलीला मंचन के दौरान बेहतरीन लाइटिंग की व्यवस्था भी रहेगी, जो शहर के रावण दहन में पहली बार होगा।

आतिशबाजी बनाएगी दशहरा पर्व को खास
इस साल 12 प्रकार की आतिशबाजी होगी, जिसमे पांच सितारा चक्कर, बिन बादल बरसात, नौरंग चक्कर सूरजमुखी, गुब्बारा साउंड, गोल्डन सेहरा, झाड़ू झरना, झूला चक्र, कैलाश मंडल, नूरानी सेहरा, चंदन हार, नीली बरसात इसके अलावा आसमानी गोला, अनार आदि शामिल रहेंगे। आयुक्त विनय कुमार पोयाम ने दशहरा पर्व को लेकर 1 महीने पहले से ही अधिकारी/कर्मचारियों की नियुक्ति तैयारी को लेकर की थी। उन्होंने आयोजन को लेकर पुख्ता तैयारी रखने के निर्देश दिए थे। प्रभारी आयुक्त पीसी सार्वा ने सभी प्रकार की तैयारी को लेकर कर्मचारियों को तैनात रहने के निर्देश दिए है। बुधवार को निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता प्रकृति जगताप, उप अभियंता कमलेश ठाकुर एवं लोमश देवांगन आदि मौजूद रहे।

100 से अधिक जगह रावण के पुतले का होगा दहन
शहर के विभिन्न वार्डों में भी 15 फीट के रावण के पुतले का दहन होगा। इस बार शहर में 100 से अधिक पुतले का दहन विभिन्न वार्डों में होगा। बीते साल चुनावी आचार संहिता के कारण मंच पर नेता, जनप्रतिनिधि उपस्थित ही नहीं हुए थे।

आम लोगों की तरह ही दर्शकदीर्घा बनकर शामिल होना पड़ा था। इधर सुरक्षा के लिहाज से महिला-पुरुष के लिए अलग-अलग बैठक व्यवस्था होगी। शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों लोग पहुंचते हैं, इसलिए बदमाशों पर नजर रखने कई पुलिस अधिकारी-जवान सिविल ड्रेस में ड्यूटी में तैनात होंगे। प्रमुख चौक-चौराहों पर जवान ड्यूटी देंगे।
 


अन्य पोस्ट