धमतरी

धमतरी, 9 अक्टूबर। नगर निगम दफ्तर में अधिकारी-कर्मचारियों की मनमानी चल रही है। सफाई, पानी, बिजली, राशन कार्ड, पेंशन से संबंधित काम लेकर आने वाले भटक रहे हैं। दफ्तर में संबंधित व्यक्ति ही नहीं मिलते। बढ़ती शिकायतों के बाद प्रभारी कमिश्नर पीसी सार्वा ने 8 अक्टूबर को देर-शाम कार्यालय समाप्त होने के ठीक पहले निरीक्षण किया, जिसमें बिना अनुमति के गायब रहने वाले एक अभियंता को नोटिस दिया है। अन्य कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग, आवक-जावक शाखा, जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र शाखा, स्वास्थ्य विभाग, जल विभाग, बिजली विभाग, पेंशन शाखा, प्रधानमंत्री आवास योजना शाखा व अन्य सभी विभागों में उपस्थिति के संबंध में जानकारी ली। जो कर्मचारी बिना वजह अनुपस्थित थे उनके बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान एक उप अभियंता बिना कारण व बिना किसी सूचना के गायब थे। उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
पीसी सार्वा ने सभी अधिकारी, कर्मचारियों को समय पर उपस्थिति दर्ज करने की हिदायत दी। निर्धारित कार्यालय समय का ध्यान रखने चेताया। अवकाश में जाने के पहले सक्षम अधिकारी से अनुमति लेने कहा। सार्वा ने कहा कि समय-समय पर ऐसे ही निरीक्षण किए जाएंगे। जो भी कर्मचारी बिना वजह से कार्यालय से गायब रहेगा, कार्रवाई होगी। कर्मचारियों-अधिकारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित होने कहा।
कार्यालयीन समय सुबह 10 से शाम 5.30 बजे तक है।