धमतरी

कुरुद विस के पंचायतों में बनेंगे महतारी सदन
09-Oct-2024 2:45 PM
कुरुद विस के पंचायतों में बनेंगे महतारी सदन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 9 अक्टूबर।  पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने कुरुद विधानसभा क्षेत्र में महतारी सदन के लिए प्रदेश सरकार से 98 लाख 80 हजार रुपए की स्वीकृति प्राप्त की है। ग्रामीण क्षेत्रों में सदन निर्माण होने से महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।

   छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी सदन योजना राज्य की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू की है। किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र साहू ने बताया कि विष्णुदेव सरकार के  इस फैसले से नारी शक्ति के जीवन में नई उम्मीद की किरण जग सकती है। इस योजना से ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा और समाज में उनकी मान्यता बढ़ेगी।

भाजपा मेघा मंडल अध्यक्ष होरीलाल साहू ने कहा कि विधायक अजय चंद्राकर ने मेघा मंडल की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत हसदा, भेंडरी, बड़ेकरेली और मेघा हेतु  24 लाख 70 हजार रुपए की महतारी सदन स्वीकृति दिलाई है। छत्तीसगढ़ सरकार की यह योजना महिलाओं को उनके गांव में ही रोजगार प्रदान करेगी, जो आज के समय में अत्यंत आवश्यक है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता श्याम साहू ने माना कि भाजपा सरकार महतारी वंदन जैसी महिलाओं के कल्याण के लिए नई योजनाएँ ला रही है, जिससे उनके लिए रोजगार के अवसर सृजित हो रहें हैं।   विधायक प्रतिनिधि कृष्णकांत  साहू ने बताया कि कुरुद एवं भखारा क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में भी महतारी सदन का निर्माण कराया जाएगा।

 महतारी सदन स्वीकृत करने पर संतोष सोनी, राजेश साहू, ललित, फुलकुंवर लता साहू, देवकुमार साहू, पिंकी राव, अर्चना साहू, हेमलता देवांगन, रामेश्वरी यादव, गुलशन देवांगन, लीला, संध्या साहू, नीलमनी पटेल, ज्योति सोनी, सरिता, नमिता साहू, विद्या यादव, कल्पना, तुलसी साहू, टिकेश्वरी विश्वकर्मा सहित विधानसभा की महिलाओं ने इस योजना की सराहना करते हुए विधायक को साधुवाद ज्ञापित किया है।


अन्य पोस्ट