धमतरी

कुरुद मंडी में रोज दो करोड़ का कारोबार
25-Sep-2024 3:37 PM
कुरुद मंडी में रोज दो करोड़ का कारोबार

15-20 हजार कट्टा धान की आवक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
कुरूद, 25 सितंबर।
कुरुद कृषि उपज मंडी में इन दिनों प्रतिदिन 15-20 हजार कट्टा धान की आवक हो रही है। भाव, भुगतान एवं मंडी में सुगम सुविधा उपलब्ध होने के चलते धमतरी जिले के अलावा दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, कांकेर, रायपुर, गरियाबंद, महासमुंद, मुंगेली जिला के किसान भी यहां अपनी उपज बेचने पहुंच रहे हैं। करीब दो करोड़ रुपए का रोज़ तुरंत चुकारा किया जा रहा है। 

प्रदेश की उत्कृष्ट मंडियों में शुमार कृषि उपज मंडी कुरुद की रौनक सोसाइटी खरीदी के समय ही कुछ कम पड़ती है। बाकी समय में यह हमेशा गुलजार नजऱ आती है। वर्तमान में यहां रोज 15 से 20 हजार कट्टे धान की आवाक हो रही है। 

24 सितम्बर को सरना 2283 रूपये, आरबी गोल्ड 2380, महामाया 2400, आईआर 64- 2185, एक हजार दस 2215 रुपए तथा पतला धान 2600 से अधिक दाम पर बिका। 
बताया गया कि  दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, कांकेर, रायपुर, गरियाबंद, महासमुंद, मुंगेली जिला के किसान भी यहाँ अपनी उपज बेचने पहुँच रहे हैं। फ्री सेल मार्केट में चांवल की मांग अच्छी होने से मिलर्स एवं ट्रेडर्स  मंडी में समर्थन मूल्य से अधिक दाम पर धान खरीद रहे हैं।

अन्य मंडी के मुकाबले कुरुद में धान की कीमत 50 से 200 रुपये का अंतर होता है। इसके अलावा तुरंत चुकारा, उत्तम विक्रय व्यवस्था मिलने से किसानों के लिए यह मंडी पहली पसंद बन गई है।  चर्चा में कुछ किसानों ने बताया कि मंडी में जगह की समस्या है। व्यापारियों का धान उठाव होने पर ही उन्हें अपनी उपज रखने की जगह नहीं मिलती। 

इस बारे में सचिव राजकुमार रात्रे ने बताया कि वर्तमान में यहाँ 15-16 हजार की क्षमता वाले चार कव्हर्ड शेड है। अतिरिक्त फड़ निर्माण के हमारे प्रस्ताव को मंडी बोर्ड ने मंजूरी दे दी है, 8 हजार क्विंटल क्षमता वाला नया फड़ बनाने का टेंडर जारी कर दिया गया है। जल्द ही किसानों को इसका लाभ मिलने लगेगा।
 


अन्य पोस्ट