धमतरी

नरहराधाम का पर्यटन बोर्ड की टीम ने किया निरीक्षण, मंदिर और जलप्रपात होगा विकसित
21-Sep-2024 3:25 PM
नरहराधाम का पर्यटन बोर्ड की टीम ने किया निरीक्षण, मंदिर और जलप्रपात होगा विकसित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 21 सितंबर।
नरहरा जलप्रपात का निरीक्षण करने पर्यटन बोर्ड मंडल की 2 सदस्यीय टीम धमतरी पहुंची। यहां मंदिर क्षेत्र के साथ ही जलप्रपात का अध्ययन किया। जल्द ही यहां करीब 24 लाख से पर्यटन विकास का काम होगा।

सरकार ने पर्यटन विकास को लेकर कार्ययोजना बनाई है। नरहरा धाम में भी पर्यटन विकास होगा। जिला प्रशासन की ओर से भेजे गए करीब 24 लाख रुपए के प्रस्ताव को छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ने सहमति दे दी है। राशि स्वीकृति के पहले 19 सितंबर को मनरेगा अधिकारी धरम सिंह के साथ पर्यटन बोर्ड मंडल के विजय परमार समेत 2 सदस्यीय टीम नरहरा धाम पहुंचकर निरीक्षण किया। बताया कि यहां पर्यटन को बढ़ावा देने जलप्रपात में रेलिंग, वॉच टावर, प्रशिक्षण कक्ष, मंदिर गेट, लाइटिंग व्यवस्था आदि काम कराए जाएंगे। अब सप्ताहभर में राशि स्वीकृति मिलने की बात अधिकारियों ने कही है। 

करीब 15 से 20 फीट की ऊंचाई पर चट्टानों से गिरते इस जलप्रपात में लोग बैठकर शांति पूर्वक स्नान व प्रकृति का विहार करते हैं, लेकिन छोटे से दिखने वाले इस जलप्रपात में पानी का बहाव तेज होने पर इनकी आवाज दूर तक सुनाई देती है। नरहरा जलप्रपात के एक छोर में माता नारेश्वरी देवी का मंदिर है, जिसे स्नान आदि क्रिया करने के बाद भक्त दर्शन करने जाते हैं। पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए, गार्डन, पेयजल और सुरक्षा की व्यवस्था धमतरी जिला प्रशासन द्वारा किया है। प्रतिदिन यहां सैकड़ों की संख्या में पर्यटक घूमने पहुंचते हैं। 


अन्य पोस्ट