धमतरी

कुरुद में आधुनिक सिनेमा हॉल बनकर तैयार, जल्द होगा फिल्मों का प्रदर्शन
17-Sep-2024 8:02 PM
कुरुद में आधुनिक सिनेमा हॉल बनकर तैयार, जल्द होगा फिल्मों का प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 17 सितंबर। किसी भी नगर के सर्वांगीण विकास का दावा तब तक खोखला माना जाता है जब तक वहाँ मनोरंजन का साधन न हो, शासकीय तौर यहाँ गार्डन, स्टेडियम, लायब्रेरी, जीम, जागिंग ट्रेक जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। लेकिन लंबे समय से नगर में मनोरंजन का सबसे लोकप्रिय माध्यम सिनेमा हॉल कमी महसूस की जा रही थी, जो अब जल्द ही पूरी होने जा रही है।

ज्ञात हो कि पिछले ढाई दशक में कुरुद ने मजबूत नेतृत्व के कांधे पर सवार होकर विकास के कई सोपान तय किये हैं। एग्रीकल्चर, एकेडमी, इनवायरमेंट, इंडस्ट्री और बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में अपने से बड़े अकार के शहरों को पीछे छोड़ देने वाला कुरुद मनोरंजन के मामले में आत्मनिर्भर नहीं हो सका था। जिसके चलते नगर एवं क्षेत्रिय लोगों को टीवी मोबाइल या बड़े शहरों पर निर्भर रहना पड़ता था। लेकिन अब शीघ्र ही लोगों को नगर में बने शानदार सिनेमा हॉल के बड़े परदे पर मन पसंद फिल्म देखने को मिलेगा। टीवी एवं सोशल मीडिया की छोटी स्किन से ऊब चुके कुछ लोगों से चर्चा करने पर उन्होंने कहा कि फिल्में समाज और समय का जीवंत दस्तावेज होती हैं। सिनेमा सांस्कृतिक, सामाजिक-आर्थिक और राजनीतिक झुकावों को समझने में उपयोगी हो सकता है। यह समाज को प्रतिबिंबित करने के लिए सबसे प्रभावी कला रूपों में से एक है। सिनेमा के प्रति लोगों का आसक्ति देख करोबारी सुनील चन्द्राकर द्वारा संजय नगर वन डिपो के पास आधुनिक साज सज्जा एवं सर्व सुविधा युक्त 156 सीटर एसी सिनेमा हॉल का निर्माण कराया गया है। जिसमें रिक्लाईनिग सीट पर बैठ दर्शक लेजर प्रोजेक्टर से 18-36 के सिल्वर स्किन पर डाल्बी साउंड के साथ नई पुरानी फिल्मों का आनंद उठा सकते हैं। साथ ही कैंटीन में खाने पीने का मजा भी परिवार के साथ लिया जा सकता है, लेकिन इसके लिए क्षेत्रवासियों को कुछ प्रशासनिक मंजूरी मिलने तक थोड़ा इंतजार करना होगा।


अन्य पोस्ट