धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 8 सितंबर। भखारा थाना क्षेत्र के सेमरा-बी निवासी कॉलेज छात्र खोमन साहू ने फांसी लगा ली। पुलिस घटना स्थल पहुंची। शव का पंचनामा व पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक छात्र का बंद मोबाइल जब्त हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस मोबाइल की जांच करेगी।
भखारा टीआई लेखराज ठाकुर ने बताया कि सेमरा-बी निवासी छात्र खोमन साहू (18) रानीतराई कॉलेज में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र था। उसके पिता काम के सिलसिले से दल्ली राजहरा की ओर गए हैं। मां 2 दिन पहले तीजा मनाने मायके गई थी। आबादी पारा स्थित मकान में बहन फागेश्वरी और वह 2 लोग थे।
6 सितंबर की देर-रात दोनों गांव में आयोजित रामधुनी प्रतियोगिता देखने गए थे, जहां से खोमन साहू घर अकेला लौटा। करीब आधे घंटे बाद 12.30 बजे उसकी बहन फागेश्वरी घर पहुंची, तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। किसी तरह दरवाजा खोलकर अंदर गई, तो खोमन का शव फंदे में लटक रहा था। उसने इसकी सूचना बड़े पिता चिंताराम के घर जाकर दी। फिर पुलिस को सूचना दी गई। शनिवार को सुबह पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा की कार्रवाई की गई। युवक के इस आत्मघाती कदम उठाने का कारण अज्ञात है। पुलिस जांच कर रही है।
किराना दुकान के कर्मचारी ने की आत्महत्या
कोतवाली टीआई राजेश मरई ने बताया कि जालमपुर निवासी भुपेश्वर देवांगन (45) ने 6 सितंबर की रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की। यह घटना करीब 8-9 बजे की है। मृतक के पत्नी तीजा में मायके गई थी। घर के अन्य परिजनों की नजर कमरे में पड़ी, तो घटना की जानकारी हुई। सूचना कोतवाली पुलिस को मिली। घटना स्थल पुलिस पहुंचकर शव का पंचनामा किया। फिर पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भिजवाया।
परिजनों ने पूछताछ में बताया कि वह मठ मंदिर के पास एक किराना दुकान में काम करता था। 5-6 दिनों से काम पर नहीं जा रहा था। आशंका है कि मानसिक रूप से परेशान था। फिलहाल युवक ने आत्महत्या क्यों की, पुलिस इसकी जांच कर रही है। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा।


