धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 7 सितंबर। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल 4 सितंबर को धमतरी दौरे पर थे। उन्होंने जिला अस्पताल धमतरी का निरीक्षण किया। रक्तदान सेवा समिति के प्रमुख शिवा प्रधान ने वेंटिलेटर युक्त एंबुलेंस की मांग की। मंत्री ने इसकी घोषणा की। वादा अनुसार मंत्री ने 24 घंटे में एंबुलेंस रायपुर से धमतरी भेजी।
यह एंबुलेंस देर शाम को अस्पताल पहुंची। इसके बाद प्रदेश भाजपा महामंत्री रामू रोहरा, सीएमएचओ डॉ. यूएल कौशिक ने पूजा-अर्चना की और मरीजों के लिए रवाना की। पांच सितंबर की देर-शाम 6 बजे रायपुर से एंबुलेंस जिला अस्पताल धमतरी पहुंची।
भाजपा नेता रामू रोहरा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार का पूरा फोकस स्वास्थ्य सुविधाओं पर है। धमतरी से लेकर बस्तर तथा सरगुजा तक के जिला अस्पतालों को नई-नई स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस करने की योजना है। धमतरी में 6.50 करोड़ की लागत से ट्रामा यूनिट निर्माणाधीन है। 100 बिस्तरों वाले 36 करोड़ रुपए के प्रस्ताव को भी जल्द मंजूरी दिलाने का प्रयास होगा।
सीएमएचओ डॉ. यूएल कौशिक ने कहा कि अस्पताल में एडवांस एंबुलेंस मिलने से रेफर केस में बड़ी मदद मिलेगी। इमरजेंसी में यह वाहन गंभीर मरीजों को हायर सेंटर तक पहुंचाने तक अपनी सेवाएं देंगी। इस एंबुलेंस में वेंटिलेटर की भी सुविधा है। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. अरुण टोंडर, आरएमओ डॉ. राकेश सोनी, डॉ. रवि किरण शिंदे, रक्तदान एंबुलेंस ग्रुप प्रमुख शिवा प्रधान उपस्थित थे।


