धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 7 सितंबर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण के तहत प्रचलित राशनकार्डों में शामिल सभी सदस्यों का ई-केवाईसी पूर्ण कराया जाना है। राशन कार्ड व इससे संबंधित लाभ के लिए कार्ड में दर्ज सभी सदस्यों का ई- केवाईसी करना जरूरी है। जिला खाद्य अधिकारी बीके कोर्राम ने बताया कि जिले में अब तक 1 लाख 17 हजार 559 सदस्यों द्वारा ई-केवाईसी नहीं कराया गया है। जिले में कुल 2 लाख 48 हजार 160 राशन कार्ड प्रचलित है, जिसमें 8 लाख 61 हजार 624 सदस्य दर्ज है। वर्तमान में 7 लाख 44 हजार 65 सदस्यों का ई-केवाईसी किया जा चुका है।
खाद्य अधिकारी ने बाकी 1 लाख 17 हजार 559 सदस्यों का ई- केवाईसी करने के लिए शासकीय उचित मूल्य दुकान के विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि हितग्राहियों को खाद्यान्न वितरण के साथ- साथ बचे हुए सदस्यों का ई-केवाईसी किया जाये। साथ ही राशन कार्डधारियों से अपील है कि राशन कार्ड से संबंधित अन्य सुविधाओं का आगे भी लाभ प्राप्त करने के लिए अनिवार्य रूप से स्वयं अपना आधार कार्ड एवं राशन कार्ड लेकर अपने नजदीकी शासकीय उचित मूल्य दुकान में उपलब्ध ई-पास मशीन के माध्यम से अपना ई-केवाईसी पूर्ण करा ले।
अंत्योदय और प्राथमिकता के 14 हजार कवर पहुंचे
धमतरी, कुरूद, नगरी और मगरलोड जनपद कार्यालय में राशन कार्ड के कवर पहुंच चुके हैं। शासकीय अवकाश होने के कारण हितग्राहियों को अब सोमवार से वितरण किए जाएंगे। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद राशन कार्ड के कवर बदले जा रहे हैं। 2.33 लाख हितग्राहियों को राशन कार्ड का नवीनीकरण कर नए कवर के साथ राशन कार्ड दिया गया है। अंत्योदय और प्राथमिकता के राशन कार्ड के कवर समाप्त होने के कारण जिलेभर में 10 हजार से अधिक हितग्राहियों को नए कवर के साथ राशन कार्ड वितरण नहीं हो पाया है। खाद्य विभाग अनुसार धमतरी जिले से 10 हजार प्राथमिकता व 4 हजार अंत्योदय राशन कार्ड के कवर राज्य कार्यालय से मांगे गए थे। धमतरी के खाद्य विभाग में कवर आ चुके हैं।
- कुल राशन कार्ड- 248160
- सदस्यों की संख्या- 861624
- ई-केवाईसी कराने वाले सदस्य- 74465
- ई-केवाईसी नहीं हुआ- 117559


