धमतरी

कैंसर पीडि़ता को स्वाइन फ्लू, एम्स में इलाज जारी
02-Sep-2024 2:47 PM
कैंसर पीडि़ता को स्वाइन फ्लू, एम्स में इलाज जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी, 2 सितंबर। जिले में स्वाइन फ्लू के एक और मरीज की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने 1 सितंबर को की। महिला धमतरी की और ब्रेस्ट कैंसर से पीडि़त है। रायपुर के एम्स में जांच के दौरान 1 सितंबर को रिपोर्ट पॉजिटिव मिला। स्वाइन फ्लू से पीडि़त मरीज का इलाज एम्स में जारी है।

धमतरी में स्वाइन फ्लू के अब 4 केस सामने आ चुके हैं। इनमें से 2 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 2 लोगों का रायपुर में इलाज जारी है। सीएमएचओ डॉ. यूएल कौशिक ने बताया कि धमतरी की एक महिला स्वाइन फ्लू पॉजिटिव आई है। रायपुर में चेकअप के दौरान पॉजिटिव मिली। सूचना जिला कार्यालय को दी गई। महिला के परिजन सभी स्वस्थ हैं। किसी में भी मौसमी बीमारी व अन्य लक्षण नहीं मिले हैं। महिला का इलाज रायपुर में चल रहा है।

जिले में स्वाइन फ्लू के अब तक 4 केस मिल चुके हैं। सभी धमतरी के निवासी हैं। सभी का चेकअप रायपुर में हुआ है। 2 लोगों का स्वास्थ्य ठीक होने पर छुट्टी दे दी गई। इनमें एक 14 अगस्त का मरीज व एक 26 अगस्त की महिला शामिल हैं। 26 अगस्त को पुरुष व 1 सितंबर को पॉजिटिव मरीज का इलाज रायपुर में जारी है। अगस्त महीने में 3 केस और सितंबर के शुरूआत में स्वाइन फ्लू के 1 केस मिले हैं।

क्या है स्वाइन फ्लू

स्वाइन फ्लू को एच1एन1 वायरस भी कहते हैं। यह इंफ्लुएंजा के एक नए स्ट्रेन जैसा है, क्योंकि इसके लक्षण भी सामान्य फ्लू जैसे ही होते हैं। स्वाइन फ्लू मूल रूप से सूअरों में होने वाली बीमारी है, जो इंसानों में भी फैल गई। इंसानों में इसका संक्रमण रेट यानी एक व्यक्ति से दूसरे में फैलने की गति काफी तेज है। इसके एच1एन2 और एच1एन3 वैरिएंट भी हैं। हालांकि, इंफ्लुएंजा के ये वैरिएंट इंसानों में उतनी तेजी से नहीं फैलते हैं। इनके केस भी बहुत कम ही देखने को मिलते हैं।

कैसे फैलता है स्वाइन फ्लू

स्वाइन फ्लू एक प्रकार के इंफ्लुएंजा वायरस के कारण होता है। यह वायरस सूअरों के शरीर में होता है। इंसानों में यह बीमारी एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में आसानी से और तेजी से फैलती है। साल 2009 के करीब स्वाइन फ्लू का डर इस कदर बढ़ गया था कि लोग सूअरों को मारकर जमीन में दफना रहे थे। जबकि क्लीवलैंड क्लिनिक के मुताबिक, सूअर का मांस खाने से इंसानों में स्वाइन फ्लू फैलने के चांस न के बराबर होते हैं, क्योंकि खाने से पहले इसे अच्छे से पकाया जाता है। गर्मी से सभी बैक्टीरिया और वायरस खत्म हो जाते हैं। 

स्वाइन फ्लू का इलाज क्या है?

- ज्यादा से ज्यादा रेस्ट करें। इससे शरीर को आराम मिलेगा और इम्यून सिस्टम को मजबूती मिलेगी।

- लिक्विड इंटेक बढ़ाएं। यह हमें डिहाइड्रेशन से बचाता है।

- खिचड़ी जैसा हल्का भोजन करें। इससे शरीर को ऊर्जा मिलेगी और पाचन तंत्र को आराम मिलेगा।

- खाने में फल और हरी सब्जियों की मात्रा बढ़ाएं। इससे शरीर को संक्रमण से लडऩे की शक्ति मिलेगी।


अन्य पोस्ट