धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 1 सितंबर। पार्टी की रीतिनिति एवं सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से प्रभावित लोगों को संगठन में शामिल करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सदस्यता अभियान 2024 को लेकर मंडल स्तर पर बैठकों का दौर जारी है। जिसमें बेहतर परफॉरमेंस देने वाले नेताओं को सीएम के साथ भोज में शामिल होने का ऑफर दिया जा रहा है।
भाजपा कार्यालय कुरुद में पिछले दिनों विधायक अजय चन्द्राकर ने पार्टी नेताओं की बैठक लेकर कुरुद विधानसभा में जोरदार अभियान चलाकर नये लोगों को संगठन में शामिल करने का निर्देश दिया था। इसी के तहत पहले कुरुद मंडल फिर भाजपा सिर्री मंडल मुख्यालय मे सभी शक्ति केन्द्रों के बैठक कर सदस्यता अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिसमें शक्ति केन्द्र प्रभारी, मंडल एवं जि़ला पदाधिकारियों सहित सभी नेताओं को दो-दो गाँव और बूथों की जि़म्मेदारी दी गई।
मंडल प्रभारी भानु चन्द्राकर ने कहा कि सदस्यता अभियान हम सबके लिए उत्सव जैसा है, वैसे भी सितंबर उत्सव का महिना है। प्रत्येक बूथों में लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाना है। अभियान को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाते हुए सही और पूरी जानकारियों के साथ काम करना है ताकि दोबारा करने की नौबत न आये।
भाजपा जि़ला उपाध्यक्ष गौकरण साहू ने सभी प्रभारियों से कहा कि बुथ स्तर में हम सबको जाने का अच्छा मौक़ा है, भीड़ कर काम करने वाले को अगामी चुनाव में इसका अच्छा प्रतिफल मिलेगा। जिसे जो टारगेट मिला है उसे हर हाल में पुरा करना है
मंडल अध्यक्ष पुष्पेन्द्र साहु ने बुथ स्तर के प्रभारियों को बताया कि दिए गए लक्ष्य को पूरा कर जो जितना ज़्यादा सदस्य बनायेंगे, उन्हें मुख्यमंत्री के साथ भोज कार्यक्रम में शामिल होंने का मौका मिलेगा। प्रशिक्षण प्रभारी सागर साहु, देशांत सिन्हा ने मिस काल नम्बर एवं बारकोड के माध्यम से सदस्य बनाने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन जनपद सदस्य लोकेश साहू ने किया। इस मौके पर सरपंच थानेश्वर तारक सहित पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे।


