धमतरी

घंटेभर की झमाझम बारिश से हाइवे में भरा पानी, अब तक धमतरी जिले में रिकॉर्ड 775.9 मिमी बारिश
24-Aug-2024 3:08 PM
घंटेभर की झमाझम बारिश से हाइवे में भरा पानी, अब तक धमतरी जिले में रिकॉर्ड 775.9 मिमी बारिश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी, 24 अगस्त। पंद्रह दिन की उमस के बाद शुक्रवार की देर शाम करीब घंटे भर की बारिश से शहर का निचली इलाका तरबतर हो गया। जिले के 6 तहसीलों में से सबसे ज्यादा नगरी में 1032.2 मिमी बारिश हुई है। नेशनल हाइवे में जगह-जगह 2 फीट तक पानी भर गया। इससे घंटे भर तक आवागमन प्रभावित भी रहा।

जिले में इस साल मानसून खूब मेहरबान है। आज की स्थिति में जिले में 775.9 मिमी औसत बारिश हो चुकी है, जबकि बीते साल की औसत बारिश 758.1 मिमी रही। अगस्त के महीने में बारिश ना के बराबर रही 7 लोग बीते 15 दिनों मे उमस से बेचैन हो चुके थे वही बीती शाम को घंटे भर शहर में तेज बारिश हुई शाम 4 बजे आसमान में काले घने बादल घिर आए और थोड़ी ही देर में गरज चमक के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया। घंटेभर तक हुई झमाझम बारिश से शहर के निचले क्षेत्र आमापारा, बनियापारा, रिसाई पारा, रामपुर में जगह-जगह पानी भर गया। गोल बाजार के सामने आमापारा में करीब ढाई फीट तक पानी भर गया। यही हाल नेशनल हाइवे का भी रहा। पुराना मोटर स्टैंड से लेकर पीडी नाला तथा बाम्बे गैरेज के पास 2 फीट से ज्यादा पानी भर गया था।

 इससे नेशनल हाइवे में कुछ देर के लिए वाहनों का आवागमन बंद रहा।

बारिश एक नजर में

जिले में 775.9 मिमी बारिश हुई है। बीते 24 घंटे में 4.921 इंच बारिश दर्ज हुआ। धमतरी में 742.5 मिमी, कुरूद 659.2 मिमी, मगरलोड में 595.6 मिमी, नगरी में 1032.2 मिमी, भखारा में 612.1 मिमी, कुकरेल में 846.6 मिमी बारिश हुई है। 24 घंटे में 34.9 मिमी बारिश धमतरी तहसील में हुई है।


अन्य पोस्ट