धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 20 अगस्त। इस बार 5 सोमवार का दुर्लभ संयोग के साथ सावन महोत्सव का समापन सोमवार को हो गया। अंतिम दिन श्री सिद्धेश्वर महाकालेश्वर मंदिर समिति बनियापारा द्वारा उज्जैन की तर्ज पर महाकाल की शाही पालकी यात्रा निकाली गई, जो शहर का भ्रमण किया।
सावन माह के 5वें सोमवार को बनियापारा स्थित महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल का सुबह 7 बजे रूद्र अभिषेक किया गया। मनोकामना पूर्ति के लिए पं. रमाकांत तिवारी ने विशेष पूजा-अर्चना कराने के बाद श्रृंगार किया। इस बीच सुबह महाकाल की दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। शाम 6 बजे उज्जैन की तर्ज पर बनियापारा से महाकाल की पालकी यात्रा निकली, जो शिव चौक, कचहरी चौक, इतवारी बाजार, मराठापारा, ब्राह्मण चौक, सदर बाजार, मठ मंदिर चौक होते हुए वापस महाकालेश्वर मंदिर पहुंची। यहां प्रसादी वितरण के बाद यात्रा का समापन हुआ।


