धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 13 अगस्त। जिले में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह एकलव्य खेल मैदान में होगा। मुख्य अतिथि कुरूद विधायक अजय चंद्राकर द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके पहले 13 अगस्त को फुल ड्रेस में अंतिम रिहर्सल हुआ।
तैयारियों को देखने कलेक्टर नम्रता गांधी, एसपी आंजनेय वार्ष्णेय ने पूर्वाभ्यास देखा। मिनट टू मिनट कार्यक्रम के अनुसार बतौर मुख्य जिपं सीईओ रोमा श्रीवास्तव का मंच पर आगमन, परेड निरीक्षण, ध्वजारोहण का अभ्यास, मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन, प्लाटूनों द्वारा मार्च पास्ट, हर्ष फायर, प्लाटून कमांडरों से परिचय, खुले आसमान में रंग बिरंगे गुब्बारे छोडऩे, पुरस्कार वितरण, फोटो सेशन सहित संपूर्ण आयोजन का पूर्वाभ्यास किया गया। कलेक्टर और एसपी ने मैदान का निरीक्षण किया। बारिश की स्थिति में पानी निकासी के रास्ते, वीआईपी, अतिथि व दर्शकदीर्घा की बैठक व्यवस्था के अलावा प्लाटून कमांडरों को जरूरी निर्देश दिए।
स्वतंत्रता दौड़ 14 को
हर साल की तरह इस साल भी 14 अगस्त को स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित यह स्वतंत्रता दौड़ सुबह 7.30 बजे स्थानीय गांधी चौक से शुरू होकर गोलबाजार, घड़ी चौक, भगवती लॉज, देवश्री टॉकिज रोड, शिव चौक, सेंचुरी गार्डन होते हुए गांधी चौक में समाप्त होगी। कलेक्टर नम्रता गांधी ने दौड़ में गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यालय, महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, विद्यार्थी, खेल संघ के पदाधिकारी और प्रेस प्रतिनिधियों इत्यादि को शामिल होने की अपील की है।
अजय चन्द्राकर होंगे मुख्य अतिथि
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में कुरूद विधायक अजय चन्द्राकर मुख्य अतिथि होंगे। डॉ शोभाराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के एकलव्य खेल परिसर में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे। इसके पश्चात सलामी व राष्ट्रगान तथा मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के संदेश का वाचन होगा।


