धमतरी

नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र में हर घर तिरंगा अभियान ने पकड़ा जोर
13-Aug-2024 3:18 PM
नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र में हर घर तिरंगा अभियान ने पकड़ा जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 13 अगस्त।
केन्द्र एवं राज्य शासन के निर्देश पर शासकीय मिशनरी और पार्टी के आह्वान पर सत्तारुढ़ दल के नेता कार्यकर्ता इन दिनों हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने में जोर-शोर से जुटे हुए हैं। अधिकारी अपने सहयोगी स्टाफ एवं नेता अपने कार्यकर्ताओं के साथ स्वतंत्रता दिवस के पहले तक राष्ट्रध्वज तिरंगा को हर घर तक पहुंचाने की कवायद में जुटे हैं।

कुरूद नगर पंचायत में सीएमओ महेन्द्रराज गुप्ता की अगुवाई में 9 अगस्त को हर घर तिरंगा यात्रा की शुरुआत की गई। जिसके तहत निकाय कर्मियों ने बाइक रैली निकाल नागरिकों से अपने घरों में तिरंगा लहराने का आह्वान किया। 11 अगस्त को विधायक अजय चन्द्राकर ने चंडी मंदिर वार्ड से तिरंगा यात्रा की शुरुआत करते हुए इसे विधानसभा के सभी गांवों तक पहुंचाने का दायित्व पार्टी पदाधिकारियों को सौंपा। 

12 अगस्त को कई गांवों में पार्टी जनों ने घर-घर जाकर तिरंगा लगाया, जिसके तहत भाजपा जिला उपाध्यक्ष गौकरण साहू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस राष्ट्रव्यापी आह्वान को पूरा करते हुए ग्राम पंचायत गुदगुदा में हर घर तिरंगा यात्रा निकाली। जिसमें उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अभियान में ग्रामीणों को जोड़ते हुए इस बार आजादी के महापर्व पर प्रत्येक नागरिकों को अपने अपने घर दुकान में राष्ट्रध्वज तिरंगा लहराने की अपील की। 

इसी तरह विधायक प्रतिनिधि कृष्णकांत साहू के नेतृत्व में रामकुमार साहू बीरसिंग, लोकेश्वर, कल्याण, मनहरन, चेतनानंद, शिवदयाल साहू, प्रभाकर सेन, सोहन साहू, ठाकुरराम, जोहन, ओमप्रकाश, ओंकार साहू आदि के साथ ग्राम पंचायत मोंगरा में तिरंगा यात्रा निकाली। जिसमें पंचगण, रोजगार सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्कूली बच्चे और ग्रामवासी शामिल हुए। 

इस मौके पर मुख्य अतिथि श्री साहू ने सभी को अपने घरों में तिरंगा फहराने का संकल्प दिलाया। तेरह अगस्त को भाजयुमो अध्यक्ष अनुराग चंद्राकर ने भाजपा कार्यालय में कमलेश चंद्राकर, भूपेंद्र सिन्हा, वंश खत्री, हिमांशु साहू, अनुशासन आमदे आदि मोर्चा पदाधिकारियों की बैठक लेकर भारतीय जनता पार्टी के इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम को गति देने रूपरेखा तैयार की। 

बैठक के बाद उन्होंने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत 14 अगस्त को कुरूद में भाजयुमो द्वारा विशाल तिरंगा रैली निकाली जाएगी। जिसमें युवाओं के प्रेरणा स्रोत विधायक अजय चंद्राकर खासतौर पर शामिल होंगे। 

उन्हीं के नेतृत्व में भाजपा कार्यालय से बाइक रैली प्रारंभ होगी जो कारगिल चौक, सरोजिनी चौक पुराना बाजार सहित सभी प्रमुख मार्गों से होते हुए कैनाल रोड स्थित भारतमाता चौक पहुंचेगी, जहां पर भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
 


अन्य पोस्ट