धमतरी

पहली बार कॉलेज की सीट भरने दोबारा यूनिवर्सिटी ने खोला प्रवेश पोर्टल
10-Aug-2024 3:53 PM
पहली बार कॉलेज की सीट भरने दोबारा यूनिवर्सिटी ने खोला प्रवेश पोर्टल

अब विद्यार्थियों का 16 तक होगा एडमिशन

छत्तीसगढ़ संवाददाता

 धमतरी, 10 अगस्त। शहर के कई कॉलेज में बीएससी गणित और बीएससी आईटी की सीटें नहीं भर पाई हैं। इसके अलावा एनआरएम गल्र्स कॉलेज में 32 प्रतिशत सीट खाली है। गर्ल्स कॉलेज में प्रथम सेमेस्टर में 425 सीटें आरक्षित हैं, जिनमें से 286 छात्राओं ने एडमिशन लिया है। यहां 139 सीटें खाली हैं। इन सीटों को भरने के लिए छात्राओं को अब सीधे प्रवेश दिया जा रहा है।

बीसीएस पीजी कॉलेज में 120 सीट खाली बीसीएस पीजी कॉलेज में यूजी के प्रथम सेमेस्टर में 1230 सीटों पर प्रवेश दिया गया। इसमें से 120 सीटें नहीं खाली रह गई हैं। बीएससी गणित में सबसे ज्यादा सीटें खाली हैं। इसमें कुल 150 सीटें हैं, जिनमें से 95 सीटें अब भी खाली हैं। इन सीटों को भरने के लिए कॉलेज के सूचना पटल पर जानकारी चस्पा की गई है। गर्ल्स कॉलेज प्राचार्य डॉ. डीआर चौधरी ने कहा कि बीए, बीकॉम, बीएससी (गणित) व एमएससी रसायनशास्त्र प्रथम सेमेस्टर की सीटें खाली हैं। इच्छुक छात्राएं शीघ्र ही कॉलेज में सभी अनिवार्य दस्तावेजों के साथ 16 अगस्त तक प्रवेश ले सकती हैं।

जिलेभर के कॉलेजों में 5 को दीक्षारंभ संस्कार हुआ

5 अगस्त को जिलेभर के कॉलेज में दीक्षारंभ समारोह आयोजित हुआ। इसके बाद से प्रथम सेमेस्टर की कक्षाएं शुरू कर दी गई हैं। प्रतिदिन कक्षाएं निर्धारित समय में लग रही हैं। सत्र 2024-25 में छात्रों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत पढ़ाई कराई जा रही है। कोर्स में बदलाव हुआ है। छात्रों की परीक्षा साल में दो बार 6-6 माह में होंगी। पहली सेमेस्टर परीक्षा दिसंबर-जनवरी में संभावित है।

इस तरह चली प्रवेश की प्रक्रिया

15 जून से कॉलेज में प्रवेश देने प्रक्रिया शुरू हुई। नई शिक्षा नीति लागू होने पर 2 बार ही मेरिट सूची जारी की गई। 25 जून तक प्रवेश दिया गया। सीट नहीं भरने पर कुलपति की अनुमति से 26 से 31 जुलाई तक प्रवेश की प्रक्रिया चली।  अब जिलेभर के सभी सरकारी कॉलेजों में खाली सीटों को भरने के लिए 16 अगस्त तक प्रवेश की प्रक्रिया चलेगी।

विद्यार्थियों को 16 तक मिलेगा प्रवेश

कॉलेज के प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए इस साल प्रक्रिया डेढ़ महीने चली। छात्रों का 31 जुलाई तक नामांकन लिया गया। इसके बाद भी कॉलेज की सीटें नहीं भर पाए हैं। पहली बार उच्च शिक्षा विभाग ने फिर से नामांकन के लिए पोर्टल को खोल दिया है। कॉलेज स्तर पर अब एडमिशन होगा।

छात्र-छात्राएं 16 अगस्त तक प्रवेश ले सकेंगे। इसके लिए छात्रों को ऑनलाइन आवेदन करने की जरूरत नहीं है। सीधे 12वीं पास मार्कशीट लेकर प्रवेश लिया जा सकेगा।


अन्य पोस्ट