धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 8 अगस्त। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग धमतरी एवं शासकीय दंत महाविद्यालय रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय मुख स्वास्थ्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगरी के सांकरा स्थित मानस भवन में शिविर रखा गया। शिविर में कमार जनजाति एवं अन्य पिछड़ी जनजातियों के अलावा सभी समुदायों के मुख स्वास्थ्य का जांच किया गया।
बीपीएम नगरी हितेन्द्र कुमार साहू ने कहा कि आज के शिविर के उत्साहवर्धक परिणाम को देखते हुए अन्य सेक्टर में भी इस प्रकार के कैम्प का आयोजन किया जाएगा। शिविर में कुल 150 लोगों का पंजीयन किया गया, जिसमें से मुख स्वास्थ्य के 108 मरीजों में से 15 मरीज कमार जनजाति के रहे। माईल्ड फ्लोरोसिस-05., दांत में झनझनाहट के 18, पूर्ण नकली दाँत की आवश्यकता वाले 20 और आंशिक रूप से नकली दाँत के आवश्यकता वाले 45 मरीज मिले है। बीते दिन मगरलोड के मोहेरा और सांकरा में आयोजित मुख स्वास्थ्य जांच शिविर में कुल 245 लोगों का पंजीयन किया गया। शिविर में दंत महाविद्यालय रायपुर के डॉ. महेन्द्र कुमार अनंत, डॉ. सोपान सिंह, डॉ. शुभम सेठी, डॉ. शशांक अग्रवाल और सिविल अस्पताल नगरी से डॉ. दीपिका साहू सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


