धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 8 अगस्त। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल चर्रा एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भाठागांव में संकुल स्तरीय पालक- शिक्षक मेगा बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें जिला पंचायत सभापति तारिणी नीलम चन्द्राकर थीं। उन्होंने बच्चों के अकादमिक प्रगति के लिए पालक और शिक्षकों को मिलकर प्रयास करने की सलाह दी।
सेजस चर्रा में आयोजित पालक शिक्षक मेगा बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्रीमति चन्द्राकर ने बताया कि हमारे बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में आगे बढ़ाने पालको और शिक्षकों को मिलकर प्रयास करना होगा। विद्यार्थियों का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करने इन दो कडिय़ों को जोडऩे की जरूरत है। इनके बीच होने वाले संवाद से बच्चों को सीखने काफी कुछ मिलेगा।
उन्होंने अपनी वाणी से पालक और शिक्षकों को बच्चों के भविष्य बनाने की दिशा में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। एसडीएम डीडी मंडावी, सरपंच खेमराज चन्द्राकर, कमलेश्वरी ध्रुव, धनेश्वरी निर्मलकर, शाला विकास समिति अध्यक्ष भूषण साहू, रिखीराम साहू ने कहा कि पालक शिक्षक मेगा बैठक से सकारात्मक परिणाम आएगा। इससे पालक भी शिक्षकीय गतिविधियों से जुड़ पाएंगे।
बैठक में मेरा कोना, छात्र दिनचर्या, आज क्या सीखा, बच्चा बोलेगा बेझिझक, बच्चों की अकादमिक प्रगति, परीक्षा, पुस्तक उपलब्धता, बस्ता रहित शनिवार, विद्यार्थियों के आयु एवं कक्षानुरूप स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण, छात्रवृत्ति, विभिन्न विभागीय योजनाओं, दीक्षा एप्प, ई जादुई पिटारा, डिजिटल लाइब्रेरी जैसे डिजिटल प्लेटफार्म के संबंध में पालकों को अवगत कराते हुए तत्सम्बन्धी आवश्यक चर्चा की गई।
इस अवसर पर लोकेश्वर साहू, इशु साहू, देवेंद्र दादर, अघनु राम, भोलाराम चन्द्राकर, विवेक प्रकाश, द्वारिका प्रसाद सहित शिक्षक शिक्षिकाएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।


