धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 24 जुलाई। शहर से 13 किमी दूर आमदी के वार्डों का परिसीमन को लेकर वार्डवासियों में आक्रोश है। मंगलवार 23 जुलाई को बरसते पानी में लोगों ने धमतरी-गुंडरदेही मुख्य मार्ग पर आमदी के पास आंदोलन किया। शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो चक्काजाम होगा।
वार्डों के परिसीमन को लेकर वार्डवासियों ने बड़ी संख्या में कलेक्टोरेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। मांग रखी कि वार्ड 2 व 3 के परिसीमन को यथावत रखा जाए, क्योंकि जनगणना परिसीमन टीम द्वारा वार्डों का निरीक्षण किए बिना राजनीतिक दबाव में केवल टेबल पर बैठकर ही परिसीमन किया, जबकि शासन का स्पष्ट निर्देश है कि एक जनगणना ब्लॉक पूरी तरह एक वार्ड में समाहित हो। एक जनगणना वार्ड को 2 या 2 से अधिक वार्ड में शामिल नहीं किया जा सकता है, क्योंकि यह शासन के निर्देश के विरुद्ध है। इसे लेकर आमदी नगर पंचायत के वार्ड 2 व 3 के निवासी चिंतित हैं। वार्डवासियों का कहना है कि यदि वार्ड 2 व 3 का परिसीमन यथावत नहीं किया तो वार्डवासी चक्काजाम करेंगे।
इस तरह हुआ वार्डों का परिसीमन
शहरवासी आत्माराम नेताम, चन्द्रहास साहू, ऋषभ ठाकुर ने कहा कि वार्ड 2 में पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में महादेव गोड़ के घर से अर्जुन साहू के मकान होते हुए महेंद्र साहू के घर से हिरदू साहू के घर तक घटाकर वार्ड 3 में सम्मिलित किया गया है।
नए परिसीमन के आधार पर जिन मतदाताओं व क्षेत्र को वार्ड 3 में सम्मिलित किया है वह ग्राम पंचायत के समय से ही वार्ड 2 के मतदाता व निवासी रहे हैं, जिसका अपना एक अलग व्यावहारिक महत्व है। साथ ही वार्ड की भौगोलिक स्थिति भी उक्त परिसीमन से बिगड़ रही है। नए परिसीमन से वार्ड 2 में मतदाताओं की संख्या में कमी हुई है, जबकि वार्ड 3 में मतदाताओं की संख्या अधिक है।


