धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 17 जुलाई। जिले के एनएचएम स्वास्थ्य कर्मचारी अपनी 18 मांगों को लेकर 2 दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होंगी। इसकी जानकारी देने 16 जुलाई को सभी कर्मचारी जिला अस्पताल के सिविल सर्जन व सीएमएचओ से मुलाकात कर हड़ताल में जाने ज्ञापन सौंपा। सभी कर्मचारी 22 व 23 जुलाई को रायपुर में आयोजित आंदोलन में शामिल होंगे।
हड़ताल में जाने से संस्थागत प्रसव, ओपीडी, आईपीडी, टीकाकरण, जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र, समस्त राष्ट्रीय कार्यक्रम जैसे- चिरायु, टीबी, डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा कार्यक्रम आदि प्रभावित होंगे।
छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ जिला धमतरी के कर्मचारी लंबित 27 फीसदी वेतन वृद्धि व नियमितीकरण सहित 18 मांगों को लेकर हड़ताल पर रहेंगे। पदाधिकारियों ने कहा कि जुलाई 2023 में बजट सत्र के दौरान अनुपूरक बजट में 37 हजार संविदा कर्मचारियों के लिए 27 फीसदी वेतन वृद्धि प्रदान किया था। इनमें से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा कर्मचारियों को नहीं मिला है। प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अमित मिरी के नेतृत्व में सभी कर्मचारी सरकार का ध्यान आकर्षण कराने हड़ताल पर रहेंगे।


