धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 16 जुलाई। पार्टी द्वारा आयोजित नव मतदाता सम्मान एवं आभार सम्मेलन में भाग लेने कुरुद पहुचीं सांसद रुपकुमारी चौधरी ने नगर के कुछ पत्रकारों से अनौपचारिक चर्चा में कहा कि उन्हें सत्ता और संगठन में काम करने का अनुभव है। इस नाते मेरी कोशिश होगी कि पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेकर अपने संसदीय क्षेत्र की जन आपेक्षाओं में खरा उतर सकूँ।
भाजपा कार्यालय में हुए कार्यक्रम से निवृत्त होकर नेता प्रतिपक्ष भानु चन्द्राकर के निवास पर नगर के कुछ पत्रकारों से चाय पर चर्चा करते हुए श्रीमती चौधरी ने बताया कि चुनाव परिणाम आने के बाद से ही उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र के सात विधानसभा में आभार सभा ले चुकीं है, कई जगह तो दुसरे राउंड का दौरा भी चल रहा है।
कुरुद विधानसभा में ऐतिहासिक लीड मिलने के बावजूद थैंक्स गिविंग में इतनी लेट की वजह पुछने पर सांसद ने कहा कि यह मेरा निर्वाचन क्षेत्र है, यहाँ आने के लिए मुझे किसी की परमीशन की जरूरत नही है। लेकिन पार्टी ने मुझे आज आमंत्रित किया और मैं चली आई।
लोकसभा क्षेत्र के विकास की कार्य योजना संबधी सवाल पर उन्होंने कहा कि धमतरी जिला में मेडिकल कॉलेज, फूड्स प्रोसेसिंग यूनिट, महासमुंद में रेल लाइन, गरियाबंद में सिंचाई सुविधा एवं खेल एकेडमी की मांग उठी है, जिसे पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। पूर्ववर्ती सांसदों पर लगे निष्क्रियता के आरोप का जवाब देते हुए महिला सांसद ने कहा कि उनकी वो जाने लेकिन मैं अपने बारे में ऐसा कहने का किसी को मौका नहीं दूंगी। मरौद टोल नाका से लोगों को हो रही परेशानी को लेकर पूछे जाने पर क्षेत्रीय सांसद ने संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेकर लोगों को होने वाली असुविधा दूर करने की बात कही। इस मौके पर भाजपा जिला उपाध्याय ज्योति चन्द्राकर उपस्थित थीं।


