धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 9 जुलाई। सोमवार को प्रदेश एवं जिला कांग्रेस कमेटी कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर मगरलोड मुख्य चौक पर ब्लॉक प्रभारी राजेंद्र सोनी के नेतृत्व में बिजली की समस्या को लेकर कांग्रेस ने एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया।
कांग्रेसियों ने धरना प्रदर्शन के माध्यम से सरकार की तरफ से बढ़ाई गई विद्युत दर को वापस लिए जाने और प्रदेश में हो रही अघोषित विद्युत कटौती बंद करने की मांग की है, वहीं प्रदेश की आम जनता और किसानों को राहत देने की मांग को लेकर कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
राजेंद्र सोनी ने कहा कि जब से भाजपा की सरकार प्रदेश में बैठी है, तब से आम जनता को महंगाई की समस्या के साथ बिजली कटौती सांय-सांय करना चालू कर दिया है। स्मार्ट मीटर लगाकर उपभोक्ताओं को लूटने की तैयारी भाजपा सरकार कर रही है, कांग्रेस इसका विरोध करती है।
कांग्रेस की सरकार ने 5 वर्षों तक विपरीत परिस्थितियों में भी बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए बिजली बिल हाफ योजना शुरू की थी, वहीं भाजपा सरकार में घंटों बिजली गुल हो जाती है।
भाजपा से न सरकार संभाल पा रही है और न ही व्यवस्थाएं।
सरकार एक तो पूरे समय बिजली नहीं दे पा रही है, ऊपर से उपभोक्ताओं पर महंगे बिजली बिल का बोझ डाल रही है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डिहुराम साहू ने बताया कि सरकार को जनता से कोई लेना-देना नहीं पूरे प्रदेश में बिजली विभाग की मनमानी है बिजली कटौती और बिजली बिल बढ़ोतरी से जनता परेशान है वर्तमान सरकार को जनता से कोई लेना-देना नहीं है और आम जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है ।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य कुसुमलता साहू, कांति कंवर, रवि निर्माण, राजेंद्र साहू, डाकवर साहू, झूमुख साहू, रोशन साहू, मोहनलाल, डॉ. गिरीश साहू, चंदन बाफना, मोहन चक्रधारी, नगर पंचायत अध्यक्ष नीतू साहू, देवेंद्र साहू, रामप्रसाद यादव, हिरवानी ठाकुर, महमूद खान, खिलावन साहू, मुकेश साहू, भोलाराम, उर्मिला कोसले सहित कार्यकर्ता लोग शामिल हुए।


