धमतरी

भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा
08-Jul-2024 7:00 PM
भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 8 जुलाई। नगर सहित अंचल में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। प्राचीन श्रीराम मंदिर, गांधी चौक एवं मंडी चौक से सजे धजे रथ में भगवान जगन्नाथ, भाई बलराम और बहन सुभद्रा की मूर्तियों को रख भक्तों ने भव्य शोभायात्रा निकाली।

 रविवार को दोपहर बाद अलग-अलग दिशाओं से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गई। दर्शन के लिए नगर एवं ग्रामीण अंचल से सैकड़ों लोग पहुंचे थे। सभी को गजामूंग का प्रसाद दिया गया। इसके पूर्व 6 जुलाई को प्राचीन श्रीराम मंदिर में 12 वर्ष बाद महाप्रभु जगन्नाथ, भाई बलभद्र, बहन शुभद्रा का काष्ठ विग्रह किया गया।

महंत अखिलेश वैष्णव से मिली जानकारी अनुसार शनिवार की गुप्त रात्रि के प्रथम दिवस सरोजिनी चौक से शोभायात्रा के साथ विग्रह को लाया गया। तत्पश्चात पूजा कर भगवान जगन्नाथ बलभद्र और शुभद्रा के विग्रह को स्थापित किया गया। जहां से आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली गई। जिसमें महाप्रभु जगन्नाथ भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ नगर भ्रमण पर निकले। रथ यात्रा प्राचीन राम मंदिर से पुराना बाजार, हुतात्मा चौक, सरोजनी चौक, कारगिल चौक होते नगर भ्रमण किया। इसमें श्रद्धालुओं ने अपने हाथो से रथ को रस्सी खींच पुण्य लाभ अर्जित किया। रथ से भक्तों को गजा मूंग का प्रसाद बांटा गया। शांति व्यवस्था बनाए रखने पुलिस प्रशासन ने तगड़ी व्यवस्था की थी।


अन्य पोस्ट