धमतरी

ग्लोबल वार्मिंग से निपटने पर्यावरण संरक्षण जरुरी
07-Jun-2024 8:27 PM
ग्लोबल वार्मिंग से निपटने पर्यावरण संरक्षण जरुरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 7 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर ग्राम पंचायत नवागाँव-उमरदा में रैली निकालकर लोगों को वृक्षारोपण, जल संरक्षण का संदेश दिया गया।

 कुरुद ब्लॉक अंतर्गत ग्राम नवागांव के पंचायत भवन में आयोजित ग्रामीणों की सभा को संबोधित करते हुए सरपंच टिकेश साहू ने बताया कि ग्लोबल वार्मिंग के चलते पर्यावरण में तेजी से बदलाव आ रहा है। जिसके चलते अलग अलग भूभाग में कहीं बाढ़ तो कहीं सुखा का प्रकोप नजर आ रहा है। मौसम में बढ़ती गर्मी भी इसी वजह से है। प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने हमें सामुहिक प्रयास करना होगा, तभी हम अगली पीढ़ी को खुली हवा में सांस लेने लायक वातावरण दें सकते हैं।

उन्होंने ग्रामवासियों को संकल्प दिलाया कि हर कोई ये प्रण कर ले कि अब से मैं दो पेड़ ज़रूर लगाऊँगा और दूसरों को भी इस काम के लिए प्रेरित करूँगा। गर्मी में धान की खेती करने की बजाय फ़सल चक्र परिवर्तन को आजमाउंगा। बरसात के दिनों में अपने छत के पानी को नाली में बहने से बचा उसे जमीन के भीतर संरक्षित करने का प्रबंध करुंगा।

अंत में सभी को पौधों का वितरण किया गया। इस अवसर पर उपसरपंच समयलाल कंवर, पुष्पा साहू, ख़ेमन कंवर, मनोहरदास, पूरण कंवर सहित पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट