धमतरी

घूरकर देखने पर पिकअप चालक की हत्या, 3 गिरफ्तार
01-Jun-2024 6:23 PM
घूरकर देखने पर पिकअप चालक की हत्या, 3 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी, 1 जून। जिले के केरेगांव पुलिस ने थाने के कुछ दूर में हुए पिकअप चालक की हत्या मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि हत्या की वजह सिर्फ घूरकर देखना था। आरोपियों को घूरकर देखना पिकअप चालक को महंगा पड़ गया और उसकी हत्या कर दी गई। पकड़े गए सभी आरोपी धमतरी के रहने वाले हैं। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

दरअसल, 29 मई को पिकअप चालक पंकज ध्रुव बिरगुड़ी गांव से कलिंदर भरकर राजनांदगांव मंडी जा रहा था। इस दौरान चाय दुकान के पास तीन लडक़े मोटर साइकिल से आये और ड्राइवर को चाकू मारकर गरियाबंद की तरफ भाग गये। घटनास्थल में मौजूद चाय दुकानदार ने देखा कि पंकज ध्रुव खून से लथपथ पिकअप के पास पड़ा था। इसके बाद चाय दुकानदार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायतकर्ता चाय दुकानदार की मानें तो पिकअप चालक गाड़ी खड़ी करके चाय पीने आया था। चाय न होने के कारण वो अंडा खरीदकर खा रहा था। इस दौरान तीन लडक़े मोटरसाइकिल से आए और ड्रायवर से पूछा कि कहां के रहने वाले हो। इसके बाद तीनों ने चालक के पास जाकर किसी धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया और तीनों मोटर सायकल में बैठकर गरियाबंद की ओर भाग गये, एक पेट्रोल पंप में सोये और दूसरे दिन जतमई, घटारानी होते हुये धमतरी वापस आ गए थे। घटना के समय पहने शर्ट एवं घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल एवं चाकू को चन्द्रेश अपने घर में छुपाकर रखना बताया।

उप पुलिस अधीक्षक भावेश साव ने बताया कि पुलिस ने हत्या के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनमें चन्द्रेश देवदास (19), हरीश साहू  (23) और रोशन यादव (21) शामिल हैं। ये तीनों नयापारा गोकुलपुर धमतरी के रहने वाले हैं।

इधर शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। मामले में कोरेगांव पुलिस और साइबर टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। आरोपियों ने बताया कि पंकज ने तीनों को घूरकर देखा था, इस कारण आवेश में आकर तीनों ने उसकी हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


अन्य पोस्ट