धमतरी

पूर्व विधायक रंजना ने लू से बचते हुए जरूरी सावधानी बरतने की अपील
01-Jun-2024 4:07 PM
पूर्व विधायक रंजना ने लू से बचते हुए जरूरी सावधानी बरतने की अपील

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी, 1 जून। इस वर्ष पूरे देश में भयंकर गर्मी फैली हुई है,जिसे देखते हुए शासन प्रशासन द्वारा लगातार जनता को राहत मिले इसके लिए व्यवस्थाएं की जा रही है,परंतु इतनी भीषण गर्मी जहाँ दिन का तापमान 45 डिग्री और उससे भी अधिक पहुंच जा रहा है। ऐसे समय में जनता को स्वयं भी कई प्रकार की सावधानियां बरतनी आवश्यक है।

गर्मी को देखते हुए धमतरी की पूर्व विधायक रंजना साहू ने क्षेत्रवासियों से निवेदन करते हुए कहा वर्तमान की अत्यधिक गर्मी में तेज धूप और गर्म हवाओं में निकलने से बचें। विशेषकर जो मजदूर हैं वो धूप और लू से हर हाल में बचें। यदि किसी कारण तेज गर्मी में घर से बाहर निकलना पड़े तो नींबू पानी या इलेक्ट्रॉल पीकर निकलें। इतनी तेज गर्मी के मौसम में लू से सुरक्षा और स्वास्थ्य की रक्षा बेहद जरूरी है। लू से बचने के लिए भरपूर पानी पिएं और हाइड्रेटेड रहें। हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनें, और जब धूप तेज हो, तो बाहर निकलने से बचें। संतुलित और हल्का आहार लें, जिससे शरीर को ठंडक मिले। ठंडे पानी से स्नान करें और घर को ठंडा रखने के लिए पंखे, कूलर का उपयोग करें। ये सावधानियां अपनाकर आप लू के प्रभाव से बच सकते हैं और स्वस्थ रह सकते हैं।

इस भीषण गर्मी से बचने हमें स्वयं एहतियातन कदम उठाते हुए संभल कर चलना आवश्यक है, मैं समस्त जनता से अपील करती हूँ कि आप स्वस्थ एवं सुरक्षित रहें।


अन्य पोस्ट