धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 31 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर व्हाट्सएप पर अपमानजनक, अमर्यादित, स्तरहीन टिप्पणी लिखकर अनेक ग्रुप में प्रसारित करने वाले चिकित्सक के व्यवहार से आहत गुजराती समाज के वरिष्ठजन एवं भाजपा नेता, सर्व गुजराती समाज के प्रदेश अध्यक्ष तथा भाजपा के प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य छत्तीसगढ़ के प्रीतेश गांधी के नेतृत्व में अनुविभागीय दंडाधिकारी से मिलकर राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंदन के नाम ज्ञापन सौंपा। जिसमें चुनाव आयोग, स्वास्थ्य सचिव से प्रशासनिक मर्यादा के विपरीत जाकर आचरण करने वाले ऐसे व्यक्ति के विरुद्ध कठोर व समुचित कार्रवाई की मांग की गई।
गौरतलब है कि नारायणपुर में पदस्थ डॉक्टर द्वारा व्हाट्सएप पर बेतुका तुलनात्मक समीक्षा करते हुए स्तरहीन अव्यवहारिक टिप्पणी को देश के प्रधानमंत्री जैसे गरिमामय जिम्मेदार पद पर बैठे सम्मानजनक व्यक्ति की प्रतिष्ठा तथा मान सम्मान को ठेस पहुंचाने की नीयत से लिखी गई प्रतीत हो रही है, जिसके कारण कल ही नारायणपुर के स्थानीय थाने में रिपोर्ट दर्ज करने हेतु भाजपा के वरिष्ठ जन द्वारा आवेदन प्रस्तुत किया गया था, जिसके पश्चात धमतरी शहर तथा समाज में भी उक्त घटनाक्रम की तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सर्व गुजराती समाज का प्रतिनिधिमंडल तथा भाजपा कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय में पहुंचे थे।
जिस पर आक्रोश व्यक्त करते हुए प्रीतेश गांधी ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में मर्यादा की परिधि में रहते हुए अपनी बात कहने का सबको अधिकार है लेकिन उसे अलग किसी व्यक्ति विशेष को टारगेट करते हुए अपमानजनक टिप्पणी करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
श्री गांधी ने आगे ऐसे चिकित्सक को तुरंत निलंबित कर अपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। वही नगर निगम के पूर्व सभापति राजेंद्र शर्मा ने कहा है कि आदर्श आचार संहिता प्रभावशाली है ऐसे मे सार्वजनिक जीवन के व्यक्ति के ऊपर टिप्पणी करते हुए लोकतंत्र के पवित्र पर्व चुनाव को प्रभावित करने की मानसिकता पर चुनाव आयोग को तत्काल से संज्ञान लेना चाहिए। ज्ञापन सौंपने वालों में लख्खू भाई भानुशाली, प्रकाश गांधी,हरि कटारिया, भाजपा नगर मंडल महामंत्री निलेश लुनिया, कुलेश सोनी, कैलाश साहू,दिलीप पटेल, सागर निर्मलकर, गोपाल कटारिया प्रमुख रूप से शामिल रहे।


