धमतरी

विश्व कल्याण के लिए 4 युवाओं की उमरकोट से केदारनाथ साइकिल यात्रा
27-May-2024 3:28 PM
विश्व कल्याण के लिए 4 युवाओं की उमरकोट से केदारनाथ साइकिल यात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी, 27 मई। ओडिशा के नवरंगपुर जिला के उमरकोट से 4 युवाओं ने केदारनाथ साईकिल यात्रा शुरू की है। उनकी साईकिल यात्रा आज धमतरी पहुंची। धमतरी जिले के कोलियारी में फलाहार करने रूके युवाओं से ‘छत्तीसगढ़’ ने खास बातचीत की।

साइकिल यात्रा में शामिल युवाओं ने चर्चा में अपने नाम हरिबन हरिजन (23), गोविंद नायक (37), खगपति मोहरा (21) और छबि हरिजन (18) बताए।

हरिबन ने बताया कि हमने 24 मई को पूरे उमरकोट के मंदिरों के  दर्शन किए और 25 मई की सुबह 7 बजे से अपनी साइकिल यात्रा शुरू की है।

उन्होंने अपनी साइकिल यात्रा के 4 उद्देश्य बताए-

1. खुद के स्वार्थ के लिए लोग प्रकृति को नुकसान पहुंचा रहे, हम अपनी यात्रा के माध्यम से लोगों को प्रकृति के संरक्षण के लिए जागृत करना चाहते हंै और विश्व से अपील करते हैं कि प्रकृति के संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाएं।

2. स्वच्छ भारत हमारा दूसरा उद्देश्य है हम स्वच्छता रखेंगे तभी स्वस्थ रहेंगे।

3. सनातन धर्म की रक्षा के लिए हम सभी को अपने धर्म, वेद, शास्त्रों का अध्ययन करना बेहद जरूरी है। ताकि हम अपने धर्म के उद्देश्य को समझ सकंे।

4. विश्व कल्याण हमारा चौथा उद्देश्य है। वसुधैव कुटुंबकम् , सारा संसार हमारा परिवार है सभी को एक होकर चलना है।

सब की मंगलकामना के लिए हम केदारनाथ जा रहे है।

साइकिल यात्रा पर जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पहले बोलबम की यात्रा में जाते थे, धीरे-धीरे मन भक्ति भाव में लगा, शास्त्र का अध्ययन शुरू किया। तब लगा कि खुद का कल्याण सब कर रहे। सभी को जागरुक करना है, सबके कल्याण के लिए।

उन्होंने बताया कि कुल 1660 किमी की साइकिल यात्रा करना है, अभी 156 किमी की यात्रा कर चुके हैं। 26 मई को सिहावा के शीतला मंदिर में रात्रि विश्राम किए हैं, और आज सुबह 8 बजे वहां से निकले हैं। आज अभनपुर में रात्रि विश्राम करेंगे।


अन्य पोस्ट