धमतरी

प्रकाश बैस बने भाजपा जिला अध्यक्ष
02-Feb-2024 2:18 PM
प्रकाश बैस बने भाजपा जिला अध्यक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 2 फरवरी।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने धमतरी जिले की बागडोर इस बार सिहावा विधानसभा क्षेत्र को सौंपकर पूरे प्रदेश में एक नया संदेश दिया है। अमूमन होता रहा है कि जब से धमतरी जिले का गठन हुआ है तब से लेकर आज तक भाजपा जिला अध्यक्ष की कुर्सी पर कुरूद या धमतरी विधानसभा के ही लोगों को काबिज किया जाता रहा। किंतु प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज होते ही किरण देव ने जिला धमतरी के जिलाध्यक्ष पद के लिए सिहावा विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता को चुन कर एक नया संदेश दिया व सिहावा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार कर दिया।

वर्तमान में जिला महामंत्री का दायित्व कुशलता पूर्वक निभा रहे प्रकाश बैस को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है जिससे एक नए अध्याय की शुरुआत हो गई है।
प्रकाश बैस लगभग 40 वर्षों से भाजपा की राजनीति में सक्रिय है और छात्रनेता के रूप में राजनीति की शुरुआत इन्होंने की थी। प्रारंभ से ही जनसंघ के पृष्ठभूमि से जुड़े परिवार के सदस्य होने के नाते इनका गहरा नाता भाजपा की राजनीति में रहा।

प्रकाश बैस के कार्यकुशलता व संगठन पर पकड़ को देखते हुए 2015 में भाजपा मंडल अध्यक्ष का पद दिया गया, जहाँ से इन्होंने 2020 में जिले के महामंत्री का दायित्व ग्रहण किया और इनकी सरलता मिलनसारिता का परिणाम यह हुआ कि वर्तमान में धमतरी जिले के अध्यक्ष का महत्वपूर्ण दायित्व निभाने का मौका प्रदेश अध्यक्ष ने इन्हें प्रदान किया।

प्रकाश बैस ने जिला अध्यक्ष के दायित्व को ग्रहण करते हुए प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री द्वय अरुण साव,विजय शर्मा, विधायक कुरूद अजय चंद्राकर, सांसद मोहन मंडावी,महासमुंद सांसद चुन्नीलाल साहू, वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश रामू रोहरा, पूर्व विधायक श्रवण मरकाम,पिंकी शिवराज शाह, रंजना साहू, इंदर चोपड़ा,सहित जिले व प्रदेश के सभी वरिष्ठों का आभार मानते हुए जिले में भाजपा के परचम को और ऊंचा उठाने व लोकसभा में जिले से भाजपा को  विजयी बनाने का संकल्प दोहराया है।
 


अन्य पोस्ट