धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 2 फरवरी। केन्द्र सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं में से एक पीएम श्री स्कूल की दशा और दिशा देखने शिक्षाधिकारियों ने कुरुद एवं कठौली की दो चयनित स्कूलों का निरीक्षण कर संबंधित लोगों को आवश्यक निर्देश दिया।
गुरुवार को कुरुद विकासखण्ड अंतर्गत पीएम श्री स्कूल के लिए चयनित शासकीय कन्या प्राथमिक शाला कुरुद एवं प्राथमिक शाला कठौली का प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी लीलाधर चौधरी जिला मिशन समन्वयक देवेश सूर्यवंशी विकासखण्ड स्रोत समन्वयक राजेश पाण्डेय ने निरीक्षण किया।
उन्होंने स्कूलों के संस्था प्रमुख को शासन कि इस महत्वकांक्षी योजना के तहत जारी अनुदान का बेहतर तरीके से उपयोग कर पीएम श्री स्कूल को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया। साथ ही बच्चो के शैक्षिक स्तर में सुधार, शैक्षिक एवं स्वच्छ वातावरण निर्माण हेतु विशेष फोकस करते हुए बच्चो को योजनाओ का लाभ मिल सके इस हेतु विशेष प्रयास करने, स्कूलों में लाइब्रेरी, किचन गार्डन, स्वच्छता, एवं विद्यालय को आकर्षक एवं सुन्दर बनाने हेतु निर्देशित किया गया।
शिक्षा अधिकारी ने बताया कि कठौली स्कूल ने कुरुद के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया है। कुरुद की स्कूल में जगह की तंगी होने से गार्डन और अन्य गतिविधियों के क्रियान्वयन में थोड़ी दिक्कत आ रही है। इस मौके पर प्रधान पाठक ललीत साहू,क्षीता साहू, समन्वयक दिनेश साहू, दीपमाला सिन्हा, नरेन्द्र, महेंद्र साहू आदि उपस्थित थे।


