धमतरी

एकजुटता से लड़ें तो परिणाम अच्छा होगा-अल्का लांबा
31-Jan-2024 7:28 PM
एकजुटता से लड़ें तो परिणाम अच्छा होगा-अल्का लांबा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 31 जनवरी। विधानसभा चुनाव में मिली हार से निराश हो चुके कार्यकर्ताओं को आम चुनाव के पहले रिचार्ज करने पहुंची महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा ने कुरुद के कांग्रेसी नेताओं से भेंट मुलाकात कर क्षेत्र में पार्टी की स्थिति का जायजा लिया।

पूर्व मंडी अध्यक्ष नीलम चन्द्राकर के निवास में कांग्रेसी नेता-कार्यकर्ताओं से भेंट कर अल्का लांबा ने कहा लोकतंत्र में हार जीत लगी रहती है, बीती बातों को भुलाकर हमें एकजुटता के साथ पार्टी को मजबूत बनाये रखना है। वर्तमान में हिन्दू मुस्लिम और धर्म की राजनीति हावी है, मोदी सरकार अपने दस सालों के कार्यों के बारे में बताने की जगह मंदिर को सामने रख भावनात्मक मुद्दों के सहारे आम चुनाव जीतने की तैयारी में है।

उन्होंने बताया कि राहुल गांधी न्याय यात्रा के माध्यम से महंगाई, बेरोजगारी, अर्थव्यवस्था जैसे मुद्दों को लोगों के बीच उठा रहे हैं, इस लिए आप सभी को भी घर घर जाकर लोगों को केन्द्र सरकार की विफलता को बताना होगा, तभी हमें लोकसभा चुनाव में अच्छा प्रतिसाद मिलेगा।

महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष फूलोदेवी नेताम ने छत्तीसगढ़ में राहुल गांधी की न्याय यात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक  अनीता शर्मा, जिला पंचायत सभापति तारिणी चन्द्राकर,नपं उपाध्यक्ष मंजू साहू, पूर्व मंडी अध्यक्ष नीलम चन्द्राकर, प्रहलाद चन्द्राकर, गीताराम सिन्हा,आशीष शर्मा, रमेश पाण्डेय, विजयगिरी गोस्वामी, रेखा साहू, खिलेश्वरी साहू, प्रमोद साहू, मनोज अग्रवाल,महिम शुक्ला ,रुद्रनाथ साहू, चन्द्रप्रकाश देवांगन,पंकज जोशी, तुकेश साहू आदि कांग्रेसी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट