धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 30 जनवरी। श्रीवास सेन समाज परिक्षेत्र कुरुद जिला धमतरी की एक दिवसीय वार्षिक बैठक आयोजित की गई। जिसमें वार्षिक आय-व्यय का ब्यौरा पेश कर समाजिक प्रकरणों का निराकरण एवं वरिष्ठजनों को सम्मानित किया गया।
ग्राम पंचायत अछोटी में हुई बैठक में अध्यक्ष भुखनलाल श्रीवास ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और सेन समाज के पुरोधा कर्पूरी ठाकुर को याद करते हुए उनके द्वारा पिछड़े समाज के उत्थान के लिए उस दौर में लिए गए सहासिक फैसले का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा को हथियार बनाकर ही हम यहां समाजिक असमानता को दूर कर सकते हैं, इसके लिए हमें समाज को एकजुट रखना होगा, तभी हम अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। सालाना आय व्यय का अनुमोदन उपरांत समाजिक प्रकरणों पर विचार विमर्श कर उनका निराकरण किया गया।
इस मौके पर समाज के वरिष्ठजन तिलकराम सेन, रिखीराम, लक्षमन, टेटकुराम, डेरहा सेन को प्रतिक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। बैठक में संरक्षक कांशीराम श्रीवास, सचिव राजेश सेन, भगवानी सेन, रेवाराम सेन सहित समाज के लोग उपस्थित थे।


