धमतरी

दो सडक़ हादसे, कॉलेज छात्रा और मिल हमाल की मौत
14-Jan-2024 6:41 PM
दो सडक़ हादसे, कॉलेज छात्रा और मिल हमाल की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 14 जनवरी। क्षेत्र के दो थाना क्षेत्र में हुए अलग अलग सडक़ हादसे में ट्रक की ठोकर से कॉलेज जा रही एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दो अन्य छात्रा घायल हो गर्इं। एक अन्य दुर्घटना में राइस मिल हमाल की मौत हो गई। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।

शुक्रवार को भखारा थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम कोसमर्रा चौक के पास ट्रक क्रमांक सीजी 19 बीएफ 0841 ने भखारा-सिहाद कॉलेज जा रही छात्रा की स्कूटी को ठोकर मार दी। जिससे ग्राम भेंडरा निवासी प्रेमलता(18 वर्ष) पिता मोहित साहू की मौके पर ही मौत हो गई।

भखारा थाना एएसआई नेहरू साहू ने बताया कि ट्रक की ठोकर से एक लडक़ी की मौके पर ही मौत हो गई और दो लड़कियां घायल हो गई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

दूसरी घटना कुरुद की है, जिसमें शुक्रवार रात कृष्णा राईस मिल के पास चरमुडिया रोड में किसी अज्ञात वाहन ने मूर्ति राईस मिल कुरूद मे हमाली करने वाले धनसाय पिता बुधराम ध्रुव (45 वर्ष) ग्राम भारवन जिला नवरंगपुर ओडिशा जो वर्तमान में इन्दिरा नगर कुरूद में अपने परिवार के साथ रहता था, को अपने चपेट में ले लिया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। कुरूद पुलिस मृतक की पत्नी गीता ध्रुव की रिपोर्ट पर  अज्ञात वाहन एवं आरोपी चालक का पता लगाने में जुटी है।


अन्य पोस्ट