धमतरी
बस को हरी झंडी दिखाकर अपर कलेक्टर ने किया रवाना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 18 दिसंबर। कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी की विशेष पहल पर अग्निवीर थल सेना भर्ती रैली में शामिल होने जिले के युवा रविवार सबेरे जिला जांजगीर चांपा के लिए रवाना हुए। कलेक्टर रघुवंशी ने जिले के युवाओं के लिए नि: शुल्क बस व्यवस्था की थी, जिसे अपर कलेक्टर जीआर मरकाम ने कलेक्टरेट कार्यालय से हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।
गौरतलब है कि जांजगीर में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली में 18 दिसंबर को धमतरी जिले के युवाओं की शारीरिक दक्षता संबंधी परीक्षा होनी है, इसे देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा युवाओ को जांजगीर ले जाने हेतु नि:शुल्क बस सुविधा की व्यवस्था की गई है।
कलेक्टर रघुवंशी ने युवाओं को अपनी शुभकामनाएँ दी और कहा की देश सेवा का यह सुनहरा अवसर है। युवाओं ने जिला प्रशासन द्वारा नि:शुल्क बस सुविधा उपलब्ध कराने पर खुशी जाहिर किया और धन्यवाद दिया।


