धमतरी
कुरुद,17 दिसंबर। इस बार भी भव्य रूप से राजिम जयंती मनाने के संदर्भ में प्रदेश साहू संघ की बैठक आहुत की गई, जिसमें तय किया गया कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री, उनके मंत्रीमंडल के कुछ लोगों एवं साहू समाज के नवनिर्वाचित विधायकों का मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा।
शनिवार को राजधानी स्थित टिकरापारा के प्रदेश कार्यालय में साहू संघ प्रदेश अध्यक्ष टहल सिंह साहू की अध्यक्षता में हुई बैठक में राज्य के सभी जिलों से आए पदाधिकारियों से राय मशविरा कर प्रदेश साहू संघ ने तय किया कि इस वर्ष भी अपनी परम्परा को जारी रखते हुए 7 जनवरी 2024 को राजिमदाई की जयंती मनाई जाएगी। जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित उनके मंत्री मंडल में शामिल सहयोगी मंत्रियों एवं भाजपा कांग्रेस पार्टी से चुने गए नवनिर्वाचित विधायकों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा।
कुरुद भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं साहू संघ प्रदेश उपाध्यक्ष मालकराम साहू ने बताया कि राजिम भक्तिन माता की जयंती मनाने की परम्परा काफी पुरानी है, लेकिन 2008 में साहू संघ प्रदेश अध्यक्ष रहे वतर्मान रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू के कार्यकाल में इस कार्यक्रम को जो भव्यता मिली थी उसे बाद के पदाधिकारियों ने बरकरार रखने का प्रयास किया है। इस बार भी गरियाबंद जिला अंतर्गत राजिम में 7 जनवरी को मंदिर समिति की देखरेख में राजिम भक्तिन माता की जयंती का आयोजन किया गया है। जिसमें भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
सामाजिक मंच से अतिथियों का उद्बोधन एवं सम्मान होगा। बैठक में भुनेश्वर साहू, खिलावन, ओमप्रकाश, रामकुमार, पंचराम, हनुमंत प्रसाद, अवनेंद्र साहू, शीलुदेवी, शारदा साहू, चित्ररेखा, अंजलि साहू, लालाराम,लखन, नारायण, सीबी साहू सहित प्रदेश भर से आए पदाधिकारी शामिल हुए।


