धमतरी

मोदी का सपना 2047 तक भारत को विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना- अजय
17-Dec-2023 3:03 PM
मोदी का सपना 2047 तक भारत को विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना- अजय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
कुरुद,17 दिसंबर।
धमतरी जिले में विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत संकल्प यात्रा का वर्चुअल शुभारंभ कर हितग्राहियों से चर्चा की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक अजय चन्द्राकर ने उज्जवला योजना के तहत सांकेतिक तौर पर 4 महिला हितग्राहियों को गैस कनेक्शन प्रदान किया।

गौरतलब है कि शनिवार को कुरूद विकासखण्ड के ग्राम कोर्रा में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम का प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शुभारंभ किया, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल हुए। 

अपने निर्वाचन क्षेत्र के इस आयोजन में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने वाले विधायक अजय चन्द्राकर ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का सपना है कि वे भारत को विकसित देशों के श्रेणी में लेकर आएं।  कोई भी देश सिर्फ भौतिक संसाधनों के आधार पर विकसित नहीं हो सकता। देश को विकसित बनाने में वहां के नागरिकों की भी अहम् भूमिका होती है।

श्री चन्द्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने के लिये कार्य कर रहे हैं, जिनमें महिलाओं की भागीदारी अधिक है। उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री आवास, मुद्रा योजना, सुकन्या समृद्धि, महतारी वंदन आदि योजनाओं के तहत देशवासियों को लाभान्वित किया जा रहा है। 

उन्होंने बताया कि श्री मोदी की मंशा अनुसार 2047 तक भारत को विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनानी है। जिसके तहत प्रदेश के 18 लाख गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराने का काम शुरू कर दिया गया है। साथ ही किसानों को बोनस, मुफ्त खाद्यान्न जैसी अनेक योजनाओं से प्रदेशवासियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य है। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने ग्राम पंचायत कोर्रा सरपंच को ओडीएफ प्लस मॉडल प्रमाण पत्र एवं रेखाबाई, काजल साहू, टामिन, केसरी साहू को उज्जवला योजना के तहत सांकेतिक तौर पर गैस कनेक्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम में उज्जवला योजना, आधार पंजीयन, राजस्व, सहकारिता, शिक्षा, खाद्य, सहकारिता, आयुर्वेद, संकल्प भारत, बैंकर्स, पशुधन विकास विभाग, नेहरू युवा केन्द्र, महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल लगाये गये थे। जिनके माध्यम से ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
 इस अवसर पर रामगोपाल देवांगन, भीमदेव साहू, गौकरण साहू, एसडीएम सोनाल डेविड आदि उपस्थित थे।

 


अन्य पोस्ट