धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 12 दिसंबर। धमतरी जिला निवासी थलसेना में 22 मैक्नाइज्ड इंफ्ऱेंट्री के हवलदार शहीद चोवाराम सेन का पार्थिव शरीर उनके गृह ग्राम ले जाते समय सोमवार शाम को कुरुद से होकर गुजरा। तब भाजपा नेताओं ने सांधा चौक में फूल बरसा कर शहीद जवान को श्रद्धांजलि दी।
ज्ञात हो कि धमतरी जिले के ग्राम सारंगपुरी निवासी रामबगस सेन के पुत्र जो भारतीय थलसेना में 22 मैक्नाइज्ड इंफ्ऱेंट्री के हवलदार के पद में सेवा दे रहे चोवाराम सेन ड्यूटी में रहते हुए शहीद हो गए थे। अनके पार्थिव देह को सेना की देखरेख में उनके गांव ले जाया जा रहा था।
इसी बीच सोमवार शाम कुरुद में भाजपा नेता मालकराम साहू, कृष्णकांत साहू, कमलेश चंद्राकर, महेश साहू, टेकराम साहू, सोमप्रकाश सिन्हा, राजेश साहू, पारस निर्मलकर आदि नें सांधा चौक में भारत माता की जयकारा लगाते हुए मातृभूमि की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद चोवाराम सेन की पार्थिव काया पर पुष्पगुच्छ चढ़ा ससम्मान श्रद्धांजलि अर्पित की।


