धमतरी
अंबिका, अजय और ओंकार साहू ने जीत दर्ज की
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 5 दिसंबर। रविवार को भोपाल राव पवार शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज धमतरी में जिले के तीनों विधानसभा सिहावा,कुरूद और धमतरी के मतों की गणना हुई। जिसमें सिहावा विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 56 से कांग्रेस प्रत्याशी अंबिका मरकाम, कुरूद विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 57 से भाजपा प्रत्याशी अजय चन्द्राकर और धमतरी विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 58 से कांग्रेस प्रत्याशी ओंकार साहू को जीत हासिल हुई। इस तरह जिले के मतदाताओं ने 2 विधानसभा में कांग्रेस के भूपेश पर भरोसा जताया और 1 विधानसभा में भाजपा के मोदी की गारंटी पर मुहर लगाया।
सिहावा में अंबिका मरकाम ने 13166 वोटों से जीत हासिल की
सिहावा विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 56 में मतगणना 19 राउंड में संपन्न हुई। जिसमें पहले नंबर पर कांग्रेस प्रत्याशी अंबिका मरकाम को 84406 वोट ईवीएम से एवं डाकमत पत्र से 485 वोट मिले इस तरह कांग्रेस प्रत्याशी को कुल 84891 मत प्राप्त हुए। वहीं दूसरे नंबर पर रहे भाजपा प्रत्याशी श्रवण मरकाम को 71304 वोट ईवीएम से एवं डाकमत पत्र से 421 वोट मिले इस तरह 71725 मत प्राप्त हुए। इस तरह कांग्रेस प्रत्याशी अंबिका मरकाम ने 13166 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की।
विदित हो कि राज्य गठन के बाद से पहली बार सिहावा विधानसभा क्षेत्र में लगातार कांग्रेस पार्टी ने जीत दर्ज की है। हर 5 साल में मतदाताओं ने पार्टी बदलने के मिथक को तोड़ा। साथ ही लगातार कांग्रेस से दो महिलाओं को प्रतिनिधित्व करने का मौका क्षेत्र के मतदाताओं ने दिया।
तीसरे नंबर पर हमर राज पार्टी के जीवराखन मरई को 4425 + 67(डाकमत पत्र) सहित कुल 4492 वोट मिले। वहीं चौथे नंबर पर नोटा (इनमे से कोई नहीं) को डाकमत पत्र सहित कुल 3574 (3562 +12) वोट मिले।
अन्य प्रत्याशियों में निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. मनमोहन बिसेन को कुल 1821, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के प्रत्याशी डोमार सिंह नेताम कुल 1623, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रत्याशी देवचन्द्र उईके कुल 1579, एवं आंबेडकराईट पार्टी ऑफ इंडिया के प्रत्याशी रामलाल मंडावी को कुल 740 वोट मिले।
कुरूद से अजय चन्द्राकर ने 8090 वोटों से जीत हासिल की
कुरूद विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 57 में मतगणना 17 राउंड में संपन्न हुई। जिसमें पहले नंबर पर भाजपा प्रत्याशी अजय चन्द्राकर को कुल 94712 (94192 + 520) डाकमत पत्र सहित वोट मिले। वहीं दूसरे नंबर पर रही तारणी नीलम चन्द्राकर को कुल 86622 (86146 + 476) डाकमत पत्र सहित वोट मिले।
इस तरह भाजपा प्रत्याशी अजय चन्द्राकर ने 8090 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। कुरूद विधानसभा में तीसरे नंबर पर रहे नोटा (इनमे से कोई नहीं) को कुल 2756 (2749 + 7) डाकमत पत्र सहित वोट मिले।
धमतरी से ओंकार साहू ने 2606 वोटों से जीत हासिल की
धमतरी विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 58 में मतगणना 19 राऊंड में संपन्न हुई। जिसमें पहले नंबर पर कांग्रेस प्रत्याशी ओंकार साहू को कुल 88544 (87900 + 644) डाकमत पत्र सहित वोट मिले। वहीं दूसरे नंबर रही भाजपा प्रत्याशी रंजना डीपेन्द्र साहू को कुल 85938 (85256 + 682 ) डाकमत पत्र सहित वोट मिले। इस तरह कांग्रेस प्रत्याशी ओंकार साहू ने 2606 वोटों के छोटे अंतर से जीत दर्ज की।
धमतरी विधानसभा में तीसरे नंबर पर रहे नोटा (इनमें से कोई नहीं) को कुल 2695 (2671 + 24) डाकमत पत्र सहित वोट मिले।


