धमतरी
कहा-जुमलेबाजों की क्या गारंटी...
कुरुद, 8 नवंबर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की विचारधारा पर चल कांग्रेस ने सबको साथ लेकर मजबूत भारत बनाया, जिसमें सभी जाति धर्म के लोग मिलजुल कर रहते थे। लेकिन पिछले कुछ सालों से गोडसेवादी विचारधारा सत्ता में काबिज होकर भाई से भाई को लड़ाने में लगी है। देश में साम्प्रदायिकता का जहर घोल भाजपा देश की संपत्ति को निजी हाथों में सौंप रही है। अगर हम अभी भी नहीं जागे तो हमारा मुल्क खोखला हो जायेगा।
मंगलवार को कुरुद के अटल बिहारी स्टेडियम में चुनावी सभा में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कांग्रेस प्रत्याशी कुरूद की तारिणी चंद्राकर, धमतरी के ओंकार साहू, सिहावा की अंबिका मरकाम का लोगों से परिचय कराते हुए कहा कि जुमलेबाज भाजपा सिर्फ चुनाव के वक्त घोषणा करती है, लेकिन निभाती नहीं। लेकिन कांग्रेस जो कहती हैं उसे उसे पूरा भी करती है। यही कारण है कि आज कांग्रेस पार्टी के प्रति आपका भरोसा बरकरार है। इस भरोसे का आधार हमारी गांधीवादी विचारधारा है जिस पर चलकर हम सशक्त छत्तीसगढ़ बनाने की दिशा में काम कर रहे है।
आगे कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार ने अपने कार्यों से जनता का भरोसा जीता है, जो आगे भी बरकरार रहना चाहिए। चुनावी लाभ लेने भाजपा यहां 31सौ रुपए में धान लेने की बात कर रही है। कोई उनसे पूछे कि उत्तर प्रदेश सहित भाजपा शासित राज्यों में धान खरीदी कितने में हो रही है।
प्रियंका ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि 1200 में सिलेंडर बेचने वाले लोग आज 500 में देने की बात कर रहे है। देशवासी कमरतोड़ महंगाई और बेरोजग़ारी से परेशान हैं। देश चलाने में पूरी तरह असफल मोदी यहां आकर गारंटी दे रहे हंै। दिल्ली की गद्दी में बैठ कर वे गरीब मजदूर किसानों के हक़ में फैसले लेने की जगह अडानी के हाथों औने पौने दामों पर देश की बेशकीमती संपत्ति बेच रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि धर्म और जाति के आधार पर लोगों को बांटना कांग्रेस की विचारधारा नहीं है हमने गांधी की विचारधारा पर चल कर राष्ट्र निर्माण किया लेकिन सत्ता हासिल करने और उसमें बने रहने के लिए भाजपा ने पिछले दस सालों में समाजिक तानेबाने को छिन्न भिन्न कर दिया है। धर्म और राष्ट्रवाद को हथियार बनाकर भाजपा देश को बांटने का काम कर रही है। इसके पूर्व प्रदेश कांग्रेस सचिव एवं कांग्रेस प्रत्याशी तारणी चंद्राकर ने समाने बैठी हजारों की भीड़ से अपने जीत के हाथ जोडकर आशीर्वाद मांगा। मंच पर कुमारी शैलजा, सप्तगिरि उल्का, राजेश तिवारी, शरद लोहाना, गुरुमुखसिंह होरा, विपिन साहू, मोहन लालवानी, नीलम चंद्राकर, तपन चंद्राकर, प्रभात राव, आशीष शर्मा, मुकेश कोसरे, प्रमोद साहू, देवव्रत साहू आदि कांग्रेसी नेता मौजूद थे।


