धमतरी

15 अभ्यर्थी मैदान में, सभी को मिला चुनाव चिन्ह
03-Nov-2023 3:18 PM
15 अभ्यर्थी मैदान में, सभी को मिला चुनाव चिन्ह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 3 नवंबर। कुरुद विधायक बनने के सपने को साकार करने इस बार 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टी के उम्मीदवार भाजपा, कांग्रेस, बसपा, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ को उनके बीफार्म के मुताबिक एवं पंजीकृत राजनीतिक दल व निर्दलीयों को 11 अलग-अलग चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए हैं।

  विधानसभा निर्वाचन 2023 अंतर्गत धमतरी  जिला निर्वाचन अधिकारी ऋतुराज रघुवंशी ने बताया कि  विधानसभा क्षेत्र 57 कुरूद से चुनाव लडऩे वाले सभी 15 अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह का आबंटन कर दिया गया है। मतदान 17 नवम्बर को एवं मतगणना 3 दिसम्बर को की जाएगी।

धमतरी जिला की सबसे हाई प्रोफाइल सीट मानी जा रही   विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 57 कुरूद में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दल के अभ्यर्थियों में भारतीय जनता पार्टी के अजय चन्द्राकर को चुनाव चिन्ह कमल मिला है। कांग्रेस की अभ्यर्थी तारणी नीलम चन्द्राकर को चुनाव चिन्ह पंजा छाप, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अभ्यर्थी तेजेश्वर  कुर्रे को हल जोतता किसान और बहुजन समाज पार्टी के अभ्यर्थी लालचंद पटेल को हाथी चुनाव चिन्ह के तौर पर मिला है।

इसी तरह पंजीकृत राजनीतिक दलों के अभ्यर्थी भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के खिलावन साहू को चुनाव चिन्ह बांसुरी, हमर राज पार्टी के प्रेमसिंह ध्रुव को बाल्टी और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के बसंत साहू को छड़ी चुनाव चिन्ह आबंटित किया गया है। इसके अलावा निर्दलीय अभ्यर्थी चन्द्रहास साहू को नारियल फार्म, जयंत साहू को अलमारी, तोमेश साहू को केतली, नीलमणी निषाद को आदमी संग पाल युक्त नौका, परमेश्वर जांगड़े को कांच का गिलास, भुवनेश्वर साहू को एयर कंडीशनर, मोहन साहू को बल्ला और संजय चन्द्राकर को गन्ना किसान चुनाव चिन्ह आबंटित किया गया है।

  ऐसा माना जा रहा है कि अब सभी प्रत्याशी अपने चुनाव चिन्ह के साथ मतदाताओं के बीच जाकर अपने लिए समर्थन मांग सकते हैं। लेकिन मान्यता प्राप्त दलों के उम्मीदवार टिकट वितरण से पहले ही अपने निर्वाचन क्षेत्र में सक्रिय हो गए थे। गांव-गांव जाकर कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर उन्हें इस चुनावी उत्सव में शामिल होकर जीत सुनिश्चित करने की कवायद में जुटे थे, इसलिए उन्हें प्रचार के मामले में अन्य उम्मीदवारों से बढ़त हासिल थी।।


अन्य पोस्ट