धमतरी

शैक्षिक गुणवत्ता के लिए रचनावादी तरीके अपनाएं शिक्षक
02-Nov-2023 8:17 PM
शैक्षिक गुणवत्ता के लिए रचनावादी तरीके अपनाएं शिक्षक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नगरी, 2 नवंबर। स्कूल काम्प्लेक्स सिंगपुर के दोनों संकुल सिंगपुर एवं खड़मा के समस्त शिक्षकों की उपस्थिति में संकुल की अकादमिक बैठक विकेंद्रीकृत करते हुए प्राथमिक विद्यालय कमईपुर में सम्पन्न हुई।

संकुल के प्राचार्य डॉ व्ही. पी.चन्द्रा की अध्यक्षता एवं संकुल समन्वयक द्वय जितेंद्र ग्वाल एवम दानीराम देवांगन की उपस्थिति में आयोजित इस अकादमिक बैठक में पूर्व निर्धारित एजेंडों पर विस्तृत बातचीत हुई। बातचीत के दौरान उपस्थित शिक्षकों ने जानकारी दी कि उनके विद्यालयों में बच्चों का ग्रेडवार चिह्नांकन किया गया है। बच्चों की आवश्यकतानुसार बच्चों की ग्रेडिंग में सुधार हेतु गतिविधि आधारित कक्षा शिक्षण जारी है। कक्षा का संचालन समूहवार किया जाता है तथा कक्षा संचालन में टी एल एम का उपयोग अधिकाधिक रूप में किया जाता है।

इस बैठक में रावतमुड़ा के शिक्षक गोलमाल खंडेलवाल के द्वारा लकड़ी से निर्मित टी.एल.एम.का प्रदर्शन प्रयोग करते हुए बताया गया कि टी.एल.एम.के उपयोग से बच्चों का स्तर सुधर रहा है तथा बच्चे कक्षा में सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। सिरकट्टा के शिक्षक टिकेश्वर ध्रुव ने कक्षागत प्रक्रिया में स्मार्ट टी.व्ही. के उपयोग के बाद स्तर में आये गुणात्मक परिवर्तन की ओर सबका ध्यान खींचते हुए कहा कि स्मार्ट टी.वी. से बच्चे बहुत ही द्रुत गति से सीख रहे हैं। उनके यहाँ कक्षा 3 के सभी बच्चों को पढऩा लिखना आता है। यह सब स्मार्ट टी.व्ही. से सम्भव हो पाया है। अब उनकी तैयारी सुघ्घर पढोईया में क्वालीफाई करने का है। समझ आधारित कक्षा शिक्षण पर जोर देते हुए संकुल के प्राचार्य ने कहा कि स्कूल में अपने को केवल व्यस्त दिखाने से बच्चों का स्तर नहीं सुधर सकता बल्कि संवेदनशीलता से समझ आधारित कक्षा शिक्षण द्वारा ही गुणवत्ता आ सकती है। वर्तमान में इसी रचनावादी शिक्षण की जरूरत है। इसके लिए शिक्षक समर्पित भाव से काम करें।

इस अवसर पर वाचनालय का नियमित उपयोग, कक्षा में अभ्यास कार्य,गृह कार्य,उपचारात्मक शिक्षण,समूह शिक्षण,नवाचार पर संकुल प्राचार्य ने विशेष जोर दिया तथा आगामी बैठक की तिथि एवं एजेंडा तय कर चार शिक्षकों को प्रस्तुतिकरण हेतु तैयारी करने का निर्देश दिया गया। आगामी बैठक के लिए मड़वापथरा स्कूल का चयन किया गया।


अन्य पोस्ट