धमतरी

कुरुद के दोनों प्रमुख प्रतिद्वंद्वी करोड़पति
02-Nov-2023 3:15 PM
कुरुद के दोनों प्रमुख  प्रतिद्वंद्वी करोड़पति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 2 नवंबर।
कुरूद विधानसभा चुनाव में नामांकन पत्रों के साथ भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों द्वारा जमा किये गये संपत्ति विवरण के अनुसार विधायक पद के दोनों उम्मीदवार करोड़पति हैं। हालांकि भाजपा प्रत्याशी अजय चन्द्राकर दोबार मंत्री, दो बार विधायक रह चुके हैं। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी तारिणी चन्द्राकर वर्तमान में जिला पंचायत सभापति के तौर पर कार्यरत हैं। फिर भी चल संपत्ति के मामले में तारणी अजय से ज्यादा रईस हैं।

धमतरी जिला निर्वाचन दफ्तर में प्रत्याशियों द्वारा नामांकन फार्म के साथ दाखिल अपने संपत्ति का ब्यौरा के मुताबिक कुरुद विधानसभा क्षेत्र की कांग्रेस प्रत्याशी तारिणी नीलम चंद्राकर की अचल सम्पत्ति को छोड़ चल संपत्ति देखे तो  उसके पास नगद साढ़े 7 लाख पति के पास नगद सवा 5 लाख है। 

तारिणी के पास 40 तोला सोना व पति के पास 10 तोला सोना है। बैंक जमा, आभूषण मिलाकर तारिणी की कुल चल संपत्ति 2 करोड़ 57 लाख 11 हजार रुपए व पति की चल सम्पत्ति 5 करोड़ 14 लाख रुपए है। लेकिन उनके पास खुद की कार नहीं है, हालांकि पति नीलम चंद्राकर के पास महिन्द्रा थार व इनोवा है।

इसी तरह दो दशक से जनता की सेवा कर रहे भाजपा प्रत्याशी अजय चंद्राकर के पास नगद 36 लाख व उनकी पत्नी के पास नगद 20 लाख एवं  250 ग्राम सोना है। इस प्रकार अजय की कुल चल संपत्ति 2 करोड़ 1 लाख 75 हजार तथा उनकी पत्नी के पास 1 करोड़ 49 लाख की संपत्ति है। इसके अलावा उनके पास एक लाइसेंसी रिवाल्वर भी है, जिसे उन्होंने अचार संहिता लगने के बाद थाने में जमा करा दिया है।
 


अन्य पोस्ट