धमतरी

सूने घर से लाखों की चोरी, सीसीटीवी कैमरे में चोर कैद
26-Oct-2023 7:28 PM
सूने घर से लाखों की चोरी, सीसीटीवी कैमरे में चोर कैद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 26 अक्टूबर। कुरूद के एक सूने घर से चोरों ने लाखों की चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

 मंगलवार रात कुरूद निवासी राजेश ग्वाल दशहरा मनाने के लिए भाठागांव गए हुए थे। तभी अज्ञात चोरों ने उनके घर में घुसकर आलमारी में रखे और सोने-चांदी के जेवर सहित करीब 3 लाख 95 हजार रुपये ले उड़े। घर लौटने पर ग्वाल परिवार ने देखा कि एक रात में ही चोरों ने उनकी जमा पूंजी लूट ली है। उन्होंने बुधवार को थाना में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। 

बताया गया कि चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। कुरूद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 इस बारे में टीआई दीपा केंवट ने बताया कि  पूछताछ एवं घटना स्थल से मिले सबूत के आधार पर जांच टीम फरार आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है, जल्दी ही चोर कानून के शिकंजे में होंगे। बहरहाल नगर के बीच हुई इस चोरी ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था के दावों की पोल खोल दी है।

पुलिस की रात्रि गश्त के दावे भी खोखले सिद्ध हुए। चोरों ने आराम से अलमारी का ताला तोडक़र उसमें रखें पैसे और सोने-चांदी  के गहनों पर हाथ साफ कर दिया और गश्ती दल सोता रहा।


अन्य पोस्ट