धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 25 अक्टूबर। कांग्रेस की केन्द्रीय चुनाव समिति ने रविवार रात को विधानसभा चुनाव को लेकर तीसरी सूची जारी किया जिसमें बचे हुए 7 सीटों पर प्रत्याशी घोषित किया। उक्त सूची में सिहावा विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 56 से दिग्गज आदिवासी महिला नेत्री अंबिका मरकाम (पूर्व विधायक सिहावा) को कांग्रेस की ओर से अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया है।
श्रीमती मरकाम भाजपा शासनकाल में 2008 से 2013 तक सिहावा विधानसभा से विधायक रही हैं। विधानसभा चुनाव 2008 में भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी रही पिंकी शाह को हराया था। वहीं 2013 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी रहे श्रवण मरकाम ने कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी रही अंबिका मरकाम को हराया था।
जिसके चलते इस बार के विधानसभा चुनाव 2023 में दोनों प्रत्याशी फिर आमने सामने है और कांटे की टक्कर होने के आसार है।
अंबिका सिहावा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी की सबसे अनुभवी लीडर है। इन्होंने अपना पूरा जीवन कांग्रेस पार्टी के सेवा में लगा दिया। पूर्व में जनपद पंचायत नगरी की अध्यक्ष, विधायक, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों में सुशोभित रही है। इनके लंबे राजनीतिक अनुभव का लाभ लेने कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी बनाया है।इनको प्रत्याशी बनाए जाने से पूरे सिहावा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस जनों में हर्ष और उल्लास का माहौल है।
सिहावा विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी बनाए जाने पर अंबिका मरकाम ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल,उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव,विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज, जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नगरी, मगरलोड, बेलरगांव एवं कुकरेल के समस्त कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं,कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता के प्रति भरोसा जताने के धन्यवाद और आभार व्यक्त किया है।


