धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 23 अक्टूबर। कुरुद विधानसभा से छठवीं बार भाजपा प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे वर्तमान विधायक ने आज शुभ मुहूर्त में धमतरी जिला कलेक्टर कार्यालय जाकर अपना पहला पर्चा दाखिल किया। इस मौके पर उनके समर्थकों ने उन्हें जीत की अग्रिम बधाई दी।
सोमवार को कुरुद पांच जनपथ स्थित अपने निवासी से पूजा अर्चना कर निकले पूर्व मंत्री अजय चन्द्राकर ने पहले हनुमान मंदिर में शीष नवाया फिर धमतरी के लिए रवाना हुए। सुबह करीब 11 बजे धमतरी में निर्वाचन अधिकारी सोनाल डेविड के समक्ष दो सेटों में नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। भाजपा प्रदेश सदस्य निरंजन सिन्हा एवं जिला मंत्री तिलोकचंद जैन उनके प्रस्तावक बने हैं।
इस मौके पर मौजूद चुनाव संचालक दयाराम साहू, भानु चंद्राकर, गौकरण साहू, लोकेश्वर सिन्हा, मालकराम साहू, सुरेश अग्रवाल ने अपने नेता को भारी बहुमत से जीत की अग्रिम बधाई दी। बताया गया है कि श्री चन्द्राकर 30 अक्टूबर को तामझाम के साथ एक और नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।


