धमतरी

कांग्रेस प्रत्याशी तारिणी टिकट मिलते ही मंदिर दर्शन करने पहुंची
19-Oct-2023 2:22 PM
कांग्रेस प्रत्याशी तारिणी टिकट मिलते ही मंदिर दर्शन करने पहुंची

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 19 अक्टूबर।
आचार संहिता लगने के नौ दिन बाद एवं मतदान के उन्तीस दिन पहले कांग्रेस ने तारिणी चन्द्राकर को कुरुद से प्रत्याशी बनाया है। भाजपा ने पहले ही यहां से अपने चिरपरिचित पूर्व मंत्री अजय चन्द्राकर को मैदान में उतार दिया है। पहली बार कुरुद में दो कुर्मी प्रत्याशी आमने सामने होंगे, जिससे पाटन की तरह यहां भी कांटे की टक्कर होने का अंदेशा है।

बुधवार शाम कुरुद विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में तारिणी के नाम की घोषणा होते ही समर्थकों ने चौंक चौराहों में पटाखे फोड़े और मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। घर से निकल तारिणी ने सबसे पहले नगर की आराध्य देवी मां चंडी मंदिर जाकर शीष नवाया। यहां से कांग्रेसी नेता कार्यकर्ताओं के संग पैदल जुलूस में शामिल होकर थाना चौक, पुराना बाजार, कांग्रेस भवन, सरोजनी चौक होते हुए रास्ते भर लोगों की बधाई स्वीकार उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। कारगिल चौक में मीडिया एवं आमजन से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की भावना का सम्मान करते हुए वरिष्ठ पार्टी नेताओं ने मुझे टिकट देकर सम्मानित किया है। 

इसके पूर्व जैसे ही सोशल मीडिया में कांग्रेस की दूसरी लिस्ट में तारिणी के नाम की घोषणा हुई नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में भी समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की। वैसे पहले से माना जा रहा था कि इस बार कुरुद से तारिणी या नीलम चन्द्राकर को ही टिकट मिलेगी, लेकिन टिकट चाहने वाले आधे दर्जन लोगों को प्रदेश से लेकर देश की राजधानी तक दौड़ लगाते देख, कांग्रेसी कल्चर से वाकिफ लोगों को अधिकृत सूची का ही इंतजार था। अब तस्वीर साफ हो गई है कि चार बार के विधायक एवं दो बार के मंत्री अजय चन्द्राकर का मुकाबला इस बार पिछले चुनाव में निर्दलीय लडक़र 60 हजार से अधिक वोट हासिल करने वाले वर्तमान मंडी अध्यक्ष नीलम चन्द्राकर की पत्नी जिला पंचायत सभापति तारिणी चन्द्राकर से होने जा रहा है। 

 


अन्य पोस्ट