धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 11 अक्टूबर। सिहावा नगरी क्षेत्र के अति-संवेदनशील ग्राम पंचायत मेचका का आश्रित ग्राम खालगढ़ जहां वर्षों से प्राथमिक शाला में अहाता निर्माण की मांग की जा रही थी। जिसे विगत दिवस जनपद अध्यक्ष दिनेश्वरी नेताम ने अपने जनपद निधि से गांववासियों के लिए अहाता निर्माण हेतु स्वीकृति प्रदान कर सभी ग्राम वासियों के बीच भूमि पूजन किया। ज्ञात हो कि राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र भुंजिया जनजाति इस अतिसंवेदनशील ग्राम खालगढ़ में निवास करते हैं। यहां का प्राथमिक शाला भवन पहाड़ी के नीचे बना है। अहाता नहीँ होने से कई बार इस विद्यालय में जंगली जानवर घुस आते थे, जिससे बच्चों को खतरा था। यहां के बच्चे वर्षों से अहाता विहीन विद्यालय में पढने मजबूर थे। अहाता निर्माण की स्वीकृति व भूमि पूजन से ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए जनपद अध्यक्ष दिनेश्वरी नेताम के प्रति आभार माना। दिनेश्वरी नेताम ने संबोधित करते हुए कहा कि आप लोगों ने मुझे विजय बनाकर जनपद अध्यक्ष की कुर्सी में बैठाये हैं। मैं इस क्षेत्र की लगातार दौरा कर समस्याओं से अवगत हूँ। यथासम्भव क्षेत्र की समस्याओं का निराकरण करने का प्रयास कर रही हूं। कोरोना के चलते अभी शासन से बजट नहीं आने के कारण काम नहीं हो रहा धा। धीरे धीरे सभी सुविधा बहाल कराने का आश्वासन दिया।
ग्राम पंचायत मेचका की सरपंच विमला धुर्वा, उपसरपंच परमात्मा कुंजाम, ग्राम के वरिष्ठ रामजी बेतकार, महेश साहू, परऊराम ओटी, सुनाराम बेतकार, राजऊराम, जीवराखन जगत, प्रीतराम नेताम, महेन्द्र नेताम सरपंच मुनईकेरा, शिक्षक ललित कौशल एवं ग्राम वासी उपस्थित रहे।


