धमतरी
कुरूद, 19 सितंबर। छत्तीसगढ़ में सत्ता परिवर्तन की शंखनाद करते हुए भाजपा द्वारा शुरू की गई परिवर्तन यात्रा 22 सितंबर को कुरूद विधानसभा में प्रवेश कर रही है। इसके स्वागत एवं आम सभा की तैयारियों को लेकर भखारा में पार्टी की बैठक हुई, जिसमें राय मशविरा कर यात्रा का फायनल रुट तय किया गया।
कुरूद विधानसभा परिवर्तन यात्रा प्रभारी भानु चन्द्राकर ने बताया कि 22 सितंबर को मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र पाटन से परिवर्तन यात्रा कुरूद विधानसभा में प्रवेश करेगी। सिलघट, सुपेला, सेमरा होते हुए भखारा में यात्रा का स्वागत रोड शो से किया जायेगा। तत्पश्चात रामलीला मैदान में जनसभा होगी। जिसमें सभी 237 बूथों के कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी शामिल होंगे। यात्रा के सह प्रभारी गौकरण साहु ने बताया कि भखारा-भठेली में परिवर्तन यात्रा को सफल बनाने भाजपा कार्यालय भखारा में पार्टी पदाधिकारियों एवं जुझारू कार्यकर्ताओं की बैठक हुई, जिसमें सिलघट सीमा से भखारा तक रोड शो के रूट को सजाने संवारने का निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने मंडल अध्यक्ष आनंद यदु, रामस्वरूप साहु, रामगोपाल देवांगन, पंकज सिन्हा, सतीश जैन, पुरुषोत्तम सिन्हा, गौतम जैन, चोवाराम साहु, भूपेन्द्र सिन्हा, कमलेश चन्द्राकर, युगेश ढींवर, मनीष कश्यप, प्रवीण रेड्डी सहित सेक्टर एवं शक्तिकेन्द्र प्रभारी, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को अलग अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है।


