धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 25 अगस्त। नागरिक सहकारी बैंक अध्यक्ष हरमीत सिंह होरा ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक कार्यों में लगाने एवं गांव के विकास में युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए राजीव गांधी युवा मितान क्लब कांग्रेस सरकार की एक अच्छी योजना है । इस योजना के द्वारा युवाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास, स्वालंबन, सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्रियाकलापों को और अधिक समृद्ध करने गांव-शहरों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
रूद्री में खण्ड स्तरीय आयोजन समिति धमतरी द्वारा आयोजित विकासखंड स्तरीय छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक के समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि हरमीत सिंह होरा ने कहा कि युवाओं में एकता की भावना एवं सौहार्द का माहौल स्थापित करने राजीव गांधी युवा मितान क्लब अच्छा कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि यदि सही समय पर, सही प्राथमिकता और सही रणनीति के साथ युवाओं को रचनात्मक दिशा देते हैं। तो यह युवा शक्ति राज्य के लिए अनमोल पूंजी बन जाती है, जो सार्थक विकास की क्रांति करने में सफल होती है।
कार्यक्रम के दौरान विशाल शर्मा, विक्रांत शर्मा ,योगेश लाल , कृष्णा मरकाम , पवन वाधवानी ,गोल्डी ठाकुर, राहुल बख्तानी, सुशांतराव पिल्लेवार, अंकित गोयल राजीव गांधी युवा मितान क्लब पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या मे ग्रामवासी उपस्थित थे।


