धमतरी

तहसील कार्यालय की हालत देख भडक़े कलेक्टर
05-Jul-2023 3:43 PM
तहसील कार्यालय की हालत देख भडक़े कलेक्टर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 5 जुलाई। राजस्व मामले के निपटारे में तहसील कार्यालय की शिकायत पर औचक निरीक्षण में पहुंचे कलेक्टर रितुराज रघुवंशी ने तहसील कार्यालय का मुआयना किया। आलमारी में धूल खाती पड़ी कुछ फाइलें देख उन्होंने बेवजह देरी करने के लिए अधिनस्थों को जमकर फटकार लगाते हुए सुधर जाने चेतावनी दी।

मीडिया रिपोर्ट एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रशासनिक स्थिति का जायजा लेने बुधवार को दौरे पर निकले। धमतरी से निकले कलेक्टर रघुवंशी ने पहले बिजनापुरी,गागरा,कंडेल, के शासकीय स्कूलों में जारी मरम्मत कार्य का निरीक्षण कर आरईएस जिलाधिकारी को गुणवत्तापूर्ण कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। इस बीच जिलाधीश ने छाती विधालय के प्रवेशोत्सव में भी भाग लिया। वहां से कलेक्टर का काफिला सीधे कुरुद तहसील कार्यालय पहुंचा।

तहसीलदार की गैर मौजूदगी में कलेक्टर रघुवंशी ने एसडीएम सोनाल डेविड, नयाब तहसीलदार मुकेश गजेन्द्र,चन्द्रकुमार साहू से पेंडिंग राजस्व प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने तहसीलदार के कब्जे वाली आलमारी खुलवा कर कुछ फाइलों के पन्नों पलटे तो देखा की 2022 के कई मामले अधिकारी के अनुशंसा के बाद भी फाइल में धूल खाते पड़े हैं।

तहसीलदार की ऐसी लापरवाही देख शख्त नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने बाबू को जमकर फटकार लगाते हुए सुधर जाने की चेतावनी दी।

 दफ्तर से बाहर निकलते ही कुछ फ़रियादियों ने कलेक्टर को अपनी ऋण पुस्तिका दिखाते हुए कहा कि हस्ताक्षर करवाने हम तहसील के चक्कर लगाते लगाते थक गए हैं साहब, वतर्मान तहसीलदार कहते हैं कि जिसके कार्यकाल में सौदा हुआ है उसी से दस्तखत करवाओ वही तुम्हारा ऋण पुस्तिका बना कर देगा। उस नायब तहसीलदार का यहां से ट्रांसफर हो गया है ऐसे में हम जाएं तो जाएं कहां ? आमलोगों की शिकायत सुन कलेक्टर  एसडीएम को इशारा कर अपनी गाड़ी में बैठ रवाना हो गए।


अन्य पोस्ट